"अंजलि चिल्लाती रही, वो उसको खींचते रहे"- उस रात मौजूद दोस्त ने और क्या बताया?
"लड़की रो रही थी, लेकिन गाड़ी में बैठे लोगों ने सुना नहीं."

कार में सवार लोगों को हादसे की पूरी जानकारी थी. गाड़ी में कोई गाना नहीं बज रहा था. उन्हें पता भी था कि एक लड़की उनकी गाड़ी के नीचे आ गई है. वो जानबूझकर अंजलि को घसीटते-घसीटते आगे ले गए. उन्होंने एक बार भी गाड़ी से उतर कर नहीं देखा कि उसे बचा लें.
ये बातें अंजलि की सहेली ने बताई हैं. वही अंजलि जिसकी 31 दिसंबर-1 जनवरी की रात गाड़ी से घसीटते हुए मौत हो गई थी. दिल्ली के कंझावला (Kanjhawala) एक्सीडेंट केस में मृतका अंजलि की सहेली निधि ने बताया कि 31 दिसंबर-1 जनवरी की रात क्या हुआ था.
'अंजलि गाड़ी में फंस गई थी, निकल नहीं पाई'मृतका अंजलि की दोस्त निधि ने आजतक के अरविंद ओझा को दिए इंटरव्यू में बताया कि वो उस रात अंजलि के साथ स्कूटी पर थी. इस दौरान सामने से गाड़ी ने आकर टक्कर मार दी थी. इससे दोनों स्कूटी से नीचे गिर गई थीं. इस टक्कर से अंजलि गाड़ी के नीचे गिर गई और निकल नहीं पाई. गाड़ी वालों ने दो-तीन बार गाड़ी आगे-पीछे की. लड़की रो रही थी, लेकिन गाड़ी में बैठे लोगों ने सुना नहीं, वो लोग उसे खींचते-खींचते आगे ले गए.
हादसा कैसे हुआ, इस बारे में निधि ने बताया,
गाड़ी सामने से आई. हम स्कूटी पर थे. गाड़ी ने टक्कर मारी. वो गाड़ी के नीचे घुस गई थी और मैं गाड़ी के बगल में गिरी. उसका पैर या कुछ गाड़ी में फंस गया था. वो निकल ही नहीं पाई. जो गाड़ी चला रहे थे, उन्होंने गाड़ी दो-तीन बार आगे-पीछे की. लड़की (अंजलि) रो रही थी, उन्होंने सुना नहीं. चिल्लाते-चिल्लाते लड़की को ले गए, आगे खींचकर. फिर गाड़ी पीछे की और फिर आगे, खींचते-खींचते उसे वहां तक ले गए.
ये भी पढ़ें- दिल्ली कांड: "दोस्त की कार लेकर निकले थे", उस रात कब क्या हुआ, FIR में एक-एक बात लिखी है
'वो लोग जानबूझकर अंजलि को घसीटते गए'निधि ने बताया कि अंजलि और वो पार्टी करके निकली थीं. अंजलि पहले उसे घर छोड़ती और फिर खुद घर जाती. निधि के मुताबिक टक्कर होने के बाद गाड़ी में सवार लोगों को पता चल गया था कि कोई लड़की उनकी गाड़ी के नीचे आ गई है, लेकिन फिर भी वो लोग गाड़ी से नहीं निकले. निधि के मुताबिक वो लोग जानबूझकर अंजलि को घसीटते-घसीटते आगे ले गए.
निधि ने बताया कि उस रात अंजलि ने ड्रिंक कर रखी थी. इसलिए वो उसे स्कूटी नहीं चलाने देना चाहती थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहा-सुनी भी हुई थी. निधि के मुताबिक हादसा होने के बाद उसका दिमाग काम नहीं कर रहा था और वो पैदल अपने घर चली गई थी.
वीडियो: दिल्ली में लड़की को कार से घसीटा, मां ने सरकार से क्या मांग कर दी?

