दिल्ली चुनाव में केजरीवाल के ख़िलाफ़ कौन है BJP का उम्मीदवार?
BJP ने 10 नए नाम जारी किए हैं

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए नामांकन का आख़िरी दिन 21 जनवरी, मंगलवार है. आम आदमी पार्टी सभी 70 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है. कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट में 54, तो दूसरी लिस्ट में सात उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है. बीजेपी ने दिल्ली के लिए 67 उम्मीदवारों के नाम सामने रख दिए हैं. बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट में 57 उम्मीदवारों का नाम फाइनल किया था. वहीं दूसरी लिस्ट में बीजेपी ने 10 और उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है.
Bharatiya Janata Party (BJP) releases another list of 10 candidates for the #DelhiElections2020
— ANI (@ANI) January 20, 2020
. Tajinder Pal Bagga to contest from Hari Nagar constituency. pic.twitter.com/I61TvNuBzu
# कौन से नाम हैं दूसरी लिस्ट में
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में पार्टी ने 10 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है. इस तरह बीजेपी ने ये भी बता दिया कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ वह किसे उतार रही है. लिस्ट के अनुसार, नई दिल्ली सीट से बीजेपी ने सुनील यादव को टिकट दिया है.
इसके अलावा, हरि नगर से तेजिंदर पाल बग्गा को टिकट दिया गया है. बीजेपी की दूसरी लिस्ट में नांगलोई जाट से सुमनलता शौकीन, राजौरी गार्डन से रमेश खन्ना, दिल्ली कैंट से मनीष सिंह, कस्तूरबा नगर से रवींद्र चौधरी, महरौली से कुसुम खत्री, कालकाजी से धर्मवीर सिंह, कृष्णा नगर से अनिल गोयल और शाहदरा से संजय गोयल का नाम शामिल है.
# किसे भिड़ा रहे हैं केजरीवाल से?
बीजेपी और कांग्रेस, दोनों ही नई दिल्ली सीट से प्रत्याशी उतारने में देर कर रही थीं. अब दोनों ने इस सीट से अपने प्रत्याशी तय कर दिए हैं. बीजेपी की ओर से केजरीवाल के ख़िलाफ़ लड़ेंगे सुनील यादव. वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष हैं. पेशे से सुनील यादव वकील और सामाजिक कार्यकर्ता हैं. भारतीय जनता युवा मोर्चा में मंडल अध्यक्ष के तौर पर शुरुआत की थी. वे इससे पहले दिल्ली बीजेपी में सचिव भी रहे हैं. तेज-तर्रार युवा छवि के सुनील यादव DDCA में भी डायरेक्टर के तौर पर जुड़े रहे हैं.

सुनील यादव ने दिल्ली चुनाव की घोषणा होते ही सोशल मीडिया पर तगड़ा प्रचार किया. शायद यही वजह रही कि सुनील की दावेदारी केजरीवाल के ख़िलाफ़ पक्की हुई
सुनील यादव अपने चुनाव प्रचार में ‘तिहरे फ़ायदे’ का स्लोगन लेकर चल रहे हैं. AAP के ख़िलाफ़ अपने प्रचार में सुनील यादव मतदाताओं को ‘एक वोट तीन सरकार’ की बात बता रहे हैं. सुनील का कहना है कि दिल्ली में हर वोटर को एक वोट में तीन सरकारें मिलेंगी. एक केंद्र की सरकार, दूसरी MCD की सरकार और तीसरी राज्य की सरकार. इसलिए सुनील का कहना है कि नई दिल्ली सेट के वोटर इस ट्रिपल फ़ायदे के लिए केजरीवाल के मुक़ाबले उन्हें चुनेंगे. दिल्ली चुनाव की घोषणा के बाद से ही ‘आप के पाप’ कैम्पेन चला रहे सुनील यादव हाई कमान की नज़र में थे.
बीजेपी की पहली लिस्ट में भी लोगों की निगाहें नई दिल्ली विधानसभा सीट पर थी, क्योंकि इस सीट पर AAP के मुखिया अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ रहे हैं. उम्मीदवारों के नाम ऐलान करने के मामले में आम आदमी पार्टी सबसे तेज़ चली.
दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित को इस सीट से 'आप' उम्मीदवार अरविंद केजरीवाल ने 2013 के विधानसभा चुनाव में हराया था. वहीं 2015 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार नूपुर शर्मा दूसरे स्थान पर रहीं.ये भी देखें:

