The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • dalit student beaten and abused for not wearing school uniform in bhadohi uttar pradesh

अब यूपी में दलित छात्रा की पिटाई, यूनिफॉर्म ना पहनने पर दबंग ने गाली देकर स्कूल से भगाया

बच्ची ने कहा था - “पापा कल ड्रेस दिला देंगे तब पहन कर आऊंगी.”

Advertisement
pic
24 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 24 अगस्त 2022, 11:47 AM IST)
bhadohi school up news dalit student beaten for not wearing uniform
यूनिफॉर्म ना पहनने पर दिलत छात्रा की पिटाई (फोटो- आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के भदोही (Bhadohi) जिले में एक दलित छात्रा की सिर्फ इस बात पर पिटाई कर दी गई कि वो बिना यूनिफॉर्म (School Uniform) पहने स्कूल चली गई. दबंग ने न सिर्फ छात्रा को पीटा बल्कि जाति सूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया. हैरानी की बात है कि आरोपी का स्कूल से कोई संबंध नहीं है. इसके बावजूद उसने स्कूल में घुसकर कथित तौर पर छात्रा की पिटाई की. मामला चौरी थाना क्षेत्र में मानिकपुर के उच्च प्राथमिक स्कूल का है.

दबंग आरोपी का नाम मनोज दूबे बताया जा रहा है. खबर है कि मनोज दुबे का स्कूल से कोई संबंध नहीं है और उससे अध्यापक भी डरते हैं. 8 वीं क्लास में पढ़ने वाली छात्रा के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. साथ ही आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया है. 

14 साल की पीड़ित छात्रा की मां धनपति देवी ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि उनकी बेटी सोमवार को स्कूल गई थी. इस दौरान गांव के मनोज दुबे ने बच्ची को क्लास में खड़ा कर पूछा, तुम ड्रेस में क्यों नहीं आई हो? जिस पर उसने बताया, 

“पापा कल ड्रेस दिला देंगे तब पहन कर आऊंगी.”

आरोप है कि मनोज दुबे ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए बच्ची को थप्पड़ मारा और स्कूल से बाहर कर दिया और कहा कि जब ड्रेस ले लेना, तब स्कूल आना.

इस शिकायत पर पुलिस ने SC-ST एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आवश्यक कार्रवाई में जुटी है. 

भदोही के पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया

“22 अगस्त को थाना चौरी इलाके के एक गांव की महिला ने इस संबंध में लिखित तहरीर दी थी. मामले में आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. इसमें आगे की उचित कार्रवाई की जा रही है.”

बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही खंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजा गया है. उनकी रिपोर्ट मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

देखें वीडियो- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दरोगा की कुछ लोगों ने सरेआम पिटाई कर दी

Advertisement

Advertisement

()