बाराती सड़क पर नाच रहे थे, PPE किट पहने ड्राइवर पहुंचा और फिर जो किया उसने इंटरनेट तोड़ दिया
PPE किट पहने ड्राइवर ने पूरी बारात को साइड बैठा दिया.
Advertisement

सामने सड़क पर बारात जा रही थी, पूरे बाजे-गाजे के साथ. एम्बुलेंस ड्राइवर उतरा और महफ़िल लूट के ले गया. फोटो - ट्विटर
देश लगातार कोरोना वायरस (Corona Virus) की मार झेल रहा है. हमारे फ्रंटलाइन वर्कर्स को कमर तोड़ मेहनत करनी पड़ रही है. एक्स्ट्रा शिफ्ट देनी पड़ रही है. कई डॉक्टर्स खुद कोविड पॉज़िटिव होने के बावजूद मरीजों की सेवा में जुटे हैं. हालत तनावपूर्ण है. ऐसे ही तनाव को थोड़ा सा कम करने के लिए एक वीडियो आया है. उत्तराखंड से. वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत घूम रहा है. जहां एक एम्बुलेंस ड्राइवर PPE किट पहने बारात के साथ नाच रहा है.
वीडियो हल्द्वानी शहर का है. वहां के सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज के समीप से बारात गुज़र रही थी. बाजे-गाजे के साथ. कोरोना गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए बारात में लिमिटेड लोग ही थे. तभी अचानक एक आदमी इनके बीच आ गया. PPE किट पहने. बैंड फुल ऑन बज रहा था. उस शख्स ने आव देखा ना ताव और शुरू कर दिया अपना ‘धिना-धिन-धा’. बारातियों के लिए ये सिलेबस के बाहर से आए सवाल जैसा था. उससे पीछे हट गए. दूरी बना ली. लेकिन उस शख्स को इसका आभास तक नहीं. वो अपनी मस्ती में मस्त होकर नाचता रहा. ऐसा नाचा कि वो शादी ही शायद इसी डांस से याद रह जाए.
बाद में पता चला कि वो शख्स एक एम्बुलेंस ड्राइवर था. नाम है महेश. कोरोना की वजह से महेश को 18-18 घंटे काम करना पड़ रहा है. उसी का तनाव दूर करने के लिए उसने ज़रा हाथ-पांव घुमा लिए. न्यूज़ 18 ने महेश से बात की. महेश ने बताया कि उसने बारात को जॉइन कर लिया और नाचने लगा. ताकि उसका और बारात का मूड सही हो जाए.
महेश के मुताबिक, बारात में कुछ ही लोग नाच रहे थे. ज़्यादातर के चेहरों पर तनाव और डर था. उसे वो एक आम शादी की बारात नहीं लगी. इसलिए उनका और खुद का मनोबल बढ़ाने के लिए अपना डांस शुरू कर दिया. बारात में शामिल किसी मेहमान ने महेश का वीडियो शूट कर लिया. और घुमा दिया इंटरनेट पर. नतीजा सबके सामने है.
ये पता नहीं चल पाया है कि ये वीडियो कौन सी तारीख का है. कई वेबसाइट्स पर मेंशन किया गया है कि ये 26 अप्रैल की रात का वीडियो है. हालांकि, उत्तराखंड सरकार ने 26 अप्रैल की शाम से 3 मई तक हल्द्वानी समेत सात शहरों में कर्फ्यू लगा दिया है. बता दें कि कर्फ्यू की टाइमिंग शाम सात से अगली सुबह पांच बजे तक है.

.webp?width=60)

