महाराष्ट्र में 'ब्रेक द चेन' के नियम कड़े, आने-जाने वालों को करना ही पड़ेगा ये काम
सरकारी दफ्तरों को लेकर भी नियम सख्त हुए.
Advertisement

महाराष्ट्र में पहले ही कोरोना वायरस के चलते ब्रेक द चेन नाम से पाबंदियां लगाई गई हैं. इसमें नए नियम जोड़कर आज रात से और सख्त कर दिया गया है. तस्वीर मुंबई के मशहूर ताज होटल की है. (फोटो-पीटीआई)
महाराष्ट्र कोरोना की दूसरी लहर (corona second wave) से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है. हालात को देखते हुए कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए राज्य सरकार की तरफ से पहले से लगाई गई पाबंदियां और सख्त कर दी गई हैं. इसमें सरकारी ऑफिसों में 15 फीसदी स्टाफ के साथ ही शादी समारोह को सिर्फ 25 मेहमानों तक सीमित कर दिया गया है. 'ब्रेक दे चेन' के नाम से पहले से लगाए गए प्रतिबंधों के तहत ही यह कदम उठाया गया है. नई गाइडलाइन महाराष्ट्र में 22 अप्रैल की रात 8 बजे से लेकर 1 मई की सुबह 7 बजे तक लागू रहेगी.
नई गाइडलाइन में क्या है खास
# सभी सरकारी ऑफिसों ( केन्द्र, राज्य या फिर स्थानीय अथॉरिटी के) में सिर्फ 15 फीसदी कर्मचारी ही काम कर सकेंगे. हालांकि, इसमें कोविड-19 महामारी को लेकर आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को छूट दी गई है.
# सरकारी बसें 50 फीसदी क्षमता के साथ चलेंगी. बसों में खड़े रहकर सफर करने पर रोक लगा दी गई है.
# इसके अलावा प्राइवेट बसों को एक जिले से दूसरे जिले जाने पर पहले लोकल DMA (Disaster Management Authority) को सूचना देनी होगी, साथ ही निजी बस वालों की ज़िम्मेदारी होगी कि दूसरे जिले जाने वालों के हाथ में 14 दिन क्वारंटाइन का स्टैम्प मारा जाए. हालांकि लोकल DMA को ये अधिकार दिया गया है कि क्वारंटीन का स्टांप लगाने का फैसला हालात के हिसाब से ले.
# शादियां दो घंटे में निपटानी होगी और इसमें केवल 25 लोग ही शामिल हो सकेंगे. इस नियम को तोड़ने पर 50 हजार रुपए के जुर्माने का प्रावधान है.
# बहुत जरूरी सेवाओं से जुड़े लोग या बेहद ज़रूरी काम से जैसे किसी के बीमार होने या मौत होने पर ही कहीं जाने की परमीशन होगी. बेवजह कहीं जाते हुए पाए जाने पर 10 हज़ार का जुर्माना वसूला जाएगा.
# मेट्रो, लोकल ट्रेन, मोनो रेल आदि में सिर्फ वही लोग चल सकेंगे जिन्हें आवश्यक सेवाओं को सुचारु रूप से चलाने के लिए आने-जाने की छूट दी गई है. इन्हें टिकट और पास आदि भी आई कार्ड देख कर इश्यू किए जाएंगे.
बता दें कि इससे पहले राज्य में कोरोना के चलते 568 लोगों की मौत हुई जो एक दिन में सबसे ज्यादा मौत का यह आंकड़ा है. इसके साथ ही, पिछले 24 घंटे के दौरान महाराष्ट्र में कोरोना के 67 हजार 468 नए केस सामने आए हैं.

.webp?width=60)

