रेस्टोरेंट में सब्जी का स्वाद अच्छा नहीं लगा, कुक को सामने बुलाया और पीट-पीट कर मार दिया!
कुक को मारने के बाद चारों आरोपी लड़के मौके से भाग गए, इनमें से तीन नाबालिग निकले

राजस्थान के जैसलमेर (Jaisalmer) से एक कुक की हत्या (Cook Murder) का मामला सामने आया है. चार लड़कों को रेस्टोरेंट में खाने का स्वाद अच्छा नहीं लगा तो कुक को सामने बुलाकर इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई. पुलिस ने घटना में शामिल चारों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है.
किस बात पर जान ले ली!पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक मामला रामगढ़ थाना क्षेत्र के तनोट रेस्टोरेंट का है. 7 अगस्त की रात को आरोपी वहां खाना खाने पहुंचे. SHO मुक्ता पारिख ने बताया कि आरोपियों ने खाना आर्डर किया. जब खाना आया तो उन्हें खाने का स्वाद अच्छा नहीं लगा. इसे लेकर उनकी कुक के साथ बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते मारपीट होने लगी. चारों ने कथित तौर पर कुक की बेरहमी से पिटाई की, जब पीड़ित जमीन पर बेहोश होकर गिर गया, तब चारों आरोपी वहां से फरार हो गए. आरोप है कि घटना के वक्त आरोपियों ने शराब पी रखी थी.
रेस्टोरेंट के मालिक प्रेम कुमार ने घटना की सूचना पुलिस को दी और कुक को अस्पताल ले गए. वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक कुक का नाम शिव देशमुख है. उम्र 38 साल. वो हैदराबाद का रहने वाला था.
आजतक से जुड़े विमल भाटिया की रिपोर्ट के मुताबिक चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया है. पुलिस ने धारा 302 और SC/ST की धारा के तहत केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. खबर है कि चार में से तीन आरोपी नाबालिग हैं. सभी से पूछताछ जारी है.
ये भी पढ़ें- 'UP पुलिस ने पीट-पीट कर मार डाला', आरोप पर अधिकारी बोलीं- एक्सीडेंट में मौत हुई!
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें एक आरोपी धारदार हथियार के साथ कुक से बहस करता दिख रहा है. हालांकि पुलिस का कहना है कि कुक पर हथियार से हमला नहीं किया गया. पुलिस ने बताया कि मृतक की छाती पर मारपीट के कई निशान हैं. मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सामने आने पर पता चलेगी. पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है.
वीडियो: राजस्थान के अलवर में भीड़ ने ट्रैक्टर चोरी के शक में शख्स को पीट पीट कर मार डाला

