The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • congress statement on rahul gandhi flying kiss controversy in lok sabha parliament smriti irani

राहुल गांधी ने 'फ्लाइंग किस' करते हुए कुछ कहा भी था, कांग्रेस ने बताया

स्मृति ईरानी इस 'फ्लाइंग किस' को लेकर राहुल गांधी और गांधी परिवार पर हमलावर हैं.

Advertisement
pic
9 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 9 अगस्त 2023, 06:38 PM IST)
 rahul gandhi and smriti irani flying kiss in lok sabha no confidence motion
राहुल गांधी द्वारा "फ्लाइंग किस" देने के मुद्दे पर लोकसभा में भारी हंगामा हुआ. (फ़ोटो/संसद टीवी)
Quick AI Highlights
Click here to view more

लोकसभा में आज अविश्वास पत्र पर बहस का दूसरा दिन था. चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मणिपुर के हालात पर बात की. लेकिन उनके भाषण के बाद एक दूसरा मुद्दा उठ गया. बीजेपी की तरफ से आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी ने अभद्र तरीके से फ्लाइंग किस दिया. इसे लेकर कई महिला सांसदों ने राहुल गांधी के खिलाफ स्पीकर को ज्ञापन भी सौंपा. केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी खास तौर पर राहुल गांधी पर हमलावर दिखीं. उन्होंने ये तक कह दिया कि गांधी परिवार में ऐसे भी संस्कार हैं.

बाद में इस घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी का बयान सामने आया. उसका कहना है कि राहुल गांधी सत्ता पक्ष की ओर इशारा कर रहे थे और यह इशारा किसी विशेष रूप से किसी मंत्री या सांसद की ओर निर्देशित नहीं था. इससे पहले स्मृति ईरानी ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने सदन छोड़ने से पहले एक "फ्लाइंग किस" दिया था, ये जानते हुए भी कि यहां महिला सांसद भी बैठी हैं.

कांग्रेस ने क्या कहा?

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक इस आरोप पर कांग्रेस ने कहा, 

''राहुल गांधी ने बाहर निकलते समय सत्ता पक्ष की ओर इशारा किया और फ्लाइंग किस करते हुए उन्हें भाइयों और बहनों कहा. उन्होंने इसे किसी विशेष मंत्री या सांसद की ओर निर्देशित नहीं किया और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की ओर तो बिल्कुल भी नहीं.''

कांग्रेस की महिला सांसद गीता कोड़ा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, 

''राहुल गांधी का आचरण कभी ऐसा नहीं रहा है. वो महिलाओं का सम्मान करते हैं. राहुल गांधी हमेशा देश के हितों की बात करते हैं. आज भी जो उन्होंने बात की वो अविश्वास प्रस्ताव और मणिपुर को लेकर की थी. बीजेपी आदत से मजबूर है क्योंकि वो राहुल गांधी को हाउस में नहीं देखना चाहती. इसको लेकर बीजेपी ने प्रयास भी किया, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सदस्यता फिर से बहाल की. देश में जो हो रहा है BJP उस पर बात नहीं करना चाहती है. इसलिए BJP ने ये कदम मजबूरी में उठाया है."

लोकसभा में राहुल गांधी ने मणिपुर पर क्या कहा?

इससे पहले लोकसभा में राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी सरकार पर मणिपुर में 'भारत की हत्या' का करने आरोप लगाया और सवाल किया कि प्रधानमंत्री ने उस राज्य का दौरा क्यों नहीं किया. मणिपुर में चल रही अशांति के रहते  100 से अधिक लोगों की जान चली गई है. उन्होंने कहा, 

“भारत हमारी जनता की आवाज़ है, दिल की आवाज़ है. उस आवाज़ की हत्या आपने मणिपुर में की. इसका मतलब आपने भारत माता की हत्या मणिपुर में की. आप देशद्रोही हो, आप देशप्रेमी और देशभक्त नहीं हो. इसलिए पीएम मोदी मणिपुर में नहीं जाते हैं. एक मां मेरी यहां बैठी है और दूसरी भारत मां को आपने मणिपुर में मारा है. हिंदुस्तान की सेना एक दिन में मणिपुर में शांति ला सकती है, लेकिन आप उनका इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं. मणिपुर की आवाज़ अगर नरेंद्र मोदी जी नहीं सुनते हैं तो वो भारत माता की हत्या कर रहे हैं.”

स्मृति की राहुल के खिलाफ शिकायत

भाषण के बाद राहुल गांधी के व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए स्मृति ईरानी ने कहा,

‘’एक बात पर मैं आपत्ति दर्ज करती हूं. जिनको आज मुझसे पहले वक्तव्य देने का अधिकार दिया गया. उन्होंने जाते-जाते एक अभद्र लक्षण के दर्शन दिए. एक महिला विरोधी शख्स ही संसद में फ्लाइंग किस दे सकता है जब संसद में महिला सदस्य भी बैठी हैं. ऐसी गरिमाविहीन आचरण को इस देश के सदन में कभी नहीं देखा गया. ये उस खानदान के लक्षण हैं ये आज सदन में देश को पता चला.''

स्पीकर के चेंबर में पहुंचीं महिला सांसद

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने भी फ्लाइंग किस को लेकर कांग्रेस सांसद पर निशाना साधा. उन्होंने राहुल के व्यवहार को अनुचित बताया और लोकसभा अध्यक्ष के पास शिकायत दर्ज कराई. कई अन्य महिला सांसदों ने भी शिकायत पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं. इस पत्र में उन्होंने राहुल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. हस्ताक्षर करने वाली सभी महिला बीजेपी सांसद शिकायत करने स्पीकर के चेंबर में पहुंची थीं.

राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत की कॉपी. 
कब घटी ये घटना?

संसद टीवी के कैमरे पर ये वाकया कैद नहीं हुआ है. इंडिया टुडे ग्रुप की वरिष्ठ संवाददाता मौसमी सिंह द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, जब राहुल गांधी संसद से बाहर निकल रहे थे तो उस वक्त उनके हाथ से कुछ कागज नीचे गिर गए. जिनको उठाने के लिए जैसे ही राहुल गांधी नीचे झुके तो बीजेपी के सांसद हंसने लगे. इसके बाद ही राहुल ने ट्रेजरी बेंच की ओर फ्लाइंग किस का इशारा दिया और वे निकल गए.

वीडियो: संसद में आज: संसद में मणिपुर पर PM मोदी का नाम लेकर बवाल, खरगे और स्पीकर भिड़ गए

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स

Advertisement

Advertisement

()