'कॉकरोच पार्टी' के अभिजीत दिपके भारत आते ही किसका इस्तीफा मांगेंगे?
अभिजीत दिपके ने सोमवार, 1 जून को एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. इसमें उन्होंने अपने भारत आने और 'साइलेंट प्रोटेस्ट' को लेकर जानकारी दी.

कॉकरोच जनता पार्टी या CJP. 14 मई को इसका ऐलान हुआ. तब से सिर्फ सोशल मीडिया पर मोर्चा संभाल रही थी. कई तो भी ये मानने लगे थे कि CJP महज एक पेज बनकर रह जाएगा. लेकिन अब पार्टी ग्राउंड पर उतरने की तैयारी के संकेत दे रही है. पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके 6 जून को भारत लौट रहे हैं. इस ऐलान के साथ कि वो NEET पेपर लीक के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे.
अभिजीत दिपके ने सोमवार, 1 जून को इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. इसमें उन्होंने अपने भारत आने और 'साइलेंट प्रोटेस्ट' को लेकर जानकारी दी. वीडियो में दिपके ने कहा,
'अब वक्त आ गया है कि हम सब साथ आएं और भारत के संविधान के रास्ते पर चलते हुए, शांतिपूर्ण तरीके से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करें. अगर हम एक साथ मिलकर अपनी आवाज़ उठाएंगे, तो सरकार को हमारी बात सुननी ही पड़ेगी. मैंने फैसला किया है कि मैं 6 जून, शनिवार की सुबह दिल्ली पहुंचूंगा. आप सभी एयरपोर्ट पर मुझसे जुड़ें. वहां से हम सब मिलकर संसद मार्ग थाने जाएंगे और जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति मांगेंगे.'
वीडियो में अभिजीत ने दावा किया कि उन्हें करीब 8 लाख स्टूडेंट्स का समर्थन मिल रहा है. उन्होंने कहा,
'पिछले कुछ दिनों से आप देख रहे हैं कि हम सोशल मीडिया पर लगातार आवाज उठा रहे हैं. हम मांग कर रहे हैं कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें. यह मांग उन NEET छात्रों के लिए है जिन्होंने पेपर लीक के बाद अपनी जान गंवा दी, और उन लाखों छात्रों के लिए है जिनकी सालों की मेहनत पर पानी फिर गया. हमारी पिटीशन पर 8 लाख स्टूडेंट्स ने साइन किए हैं. सोशल मीडिया पर भी करोड़ों लोगों ने इस मांग का समर्थन किया है. इतना ही नहीं, लखनऊ, जयपुर और महाराष्ट्र समेत देश के कई हिस्सों में इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं. लेकिन इसके बावजूद सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है.'
उन्होंने आगे कहा,
'NEET के 22 लाख, CBSE के 17 लाख, CUET के 16 लाख और SSC GD के 40 लाख समेत 1 करोड़ से ज्यादा छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है. छात्र अपने भविष्य को लेकर बहुत परेशान और चिंतित हैं. इस पूरे मामले की जिम्मेदारी किसी न किसी को तो लेनी होगी.'
वीडियो में दिपके ने ये भी कहा कि उनके परिवार वालों और दोस्तों को डर है कि एयरपोर्ट से ही उनकी गिरफ्तारी हो सकती है. लेकिन उन्हें लगता है कि भारत में अब भी लोकतंत्र है और उन्हें शांतिपूर्ण प्रोटेस्ट की परमिशन जरूर मिल जाएगी.
CJP को लेकर अब तक क्या-क्या हुआ?
सुप्रीम कोर्ट में एक केस की सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं को “कॉकरोच” और “पैरासाइट” कहा था. इसी बीच अभिजीत दिपके ने एक पैरोडी पार्टी शुरू की. दिपके ने X पर लोगों से खुद को “कॉकरोच” बताने की अपील की.
देखते ही देखते ये पैरोडी पार्टी एक ऑनलाइन मूवमेंट बन गई. पार्टी को सोशल मीडिया पर करोड़ो फॉलोवर्स मिले. मई के आखिर में, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की जानकारी के आधार पर केंद्र सरकार के आईटी मंत्रालय ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए X पर इस अकाउंट को भारत में बंद करने का आदेश दिया. इसके बाद दिपके इस फैसले के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गए. हालांकि, दिल्ली हाई कोर्ट ने CJP के X अकाउंट को तुरंत बहाल करने का आदेश देने से इनकार कर दिया.
वीडियो: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक के घर पुलिस क्यों भेजी गई? किरेन रिजिजू से क्या विवाद?

