बीजेपी के पूर्व विधायक पर छेड़खानी का आरोप, छात्रा के परिजनों ने पीटा
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
Advertisement

वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी पूर्व विधायक ने खुद को निर्दोष बताया है.
Quick AI Highlights
Click here to view more
यूपी के वाराणसी में बीजेपी के एक पूर्व विधायक को लोगों ने जमकर पीटा. कान पकड़कर माफी भी मंगवाई. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पूर्व बीजेपी विधायक और एक इंटर कॉलेज के चेयरमैन माया शंकर पाठक पर एक छात्रा ने अश्लील हरकत का आरोप लगाया था. इसके बाद उसके परिजनों ने कॉलेज में जमकर बवाल काटा.
ये है पूरा मामला
एमपी इंस्टीट्यूट एंड कंप्यूटर कॉलेज के नाम से वाराणसी के भगतुआ गांव में एक इंटर कॉलेज है. इस कॉलेज के चेयरमैन हैं माया शंकर पाठक. माया शंकर पाठक वाराणसी के चिरईगांव विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीते थे. उन पर एक छात्रा ने छेड़खानी के आरोप लगाए हैं. छात्रा ने घर पहुंचकर पूरा वाकया बताया जिसके बाद परिजन गुस्से में कॉलेज पहुंच गए.
कॉलेज पहुंच कर छात्रा के परिजनों ने माया शंकर पाठक की पिटाई की. कॉलेज के मैदान में बैठाकर भी उन्हें पीटा. कान पकड़ कर माफी भी मंगवाई. वीडियो में पूर्व विधायक बार-बार अपनी गलती के लिए कान पकड़ कर माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि किसी पक्ष ने भी पुलिस में इस मामले की शिकायत नहीं की है, लेकिन फिर भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
पुलिस ने कहा- जांच करेंगे
सीओ पिंडरा अभिषेक कुमार पांडे ने बताया कि चौबेपुर थाना क्षेत्र के भगतुवा गांव का वीडियो वायरल हुआ है जिसकी सत्यता का पता किया जा रहा है. जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
हिन्दुस्तान अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक माया शंकर पाठक ने मारपीट की इस घटना को राजनीतिक साजिश बताया है. उन्होंने कहा कि छात्रा उनके पास भाषण की तैयारी को लेकर चर्चा करने आई थी, लेकिन गलती पर उन्होंने छात्रा को डांट दिया था. उन्होंने कहा कि इसके बाद राजनीति और जाति विशेष को लोगों ने मारपीट की, और वीडियो बनाया. पाठक ने कहा कि राजनीतिक और जातिगत कारणों से उनकी छवि को खराब किया जा रहा है.

