छत्तीसगढ़ के बीजापुर से 7 नक्सलियों की गिरफ्तारी का दावा, दो पर तो सरकार ने इनाम भी रखा था
Chhatisgarh के बीजापुर में पुलिस ने 7 कथित नक्सलियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है. इनमें से दो नक्सलियों पर पुलिस ने इनाम भी घोषित कर रखा था. छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे एंटी नक्सल अभियान के तहत ये गिरफ्तारी हुई हैं.

छत्तीसगढ़ (chhatisgarh) के बीजापुर (bijapur) जिले से सुरक्षाबलों ने 14 जुलाई को एक महिला सहित सात कथित नक्सलियों (naxals arrested) को गिरफ्तार करने का दावा किया है. इनको तर्रेम थाना क्षेत्र के छुटवाई गांव में एक नदी के पास से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार नक्सलियों में तामो भीमा और उइका मंगारी उर्फ ज्योति भी शामिल हैं. जिन पर कुल मिलाकर तीन लाख रुपए का इनाम घोषित था.
छत्तीसगढ़ के एक पुलिस अधिकारी ने बताया,
तामो भीमा और महिला कैडर उइका मंगारी उर्फ ज्योति और पांच अन्य नक्सलियों को उस समय गिरफ्तार किया गया जब स्पेशल टास्क फोर्स, 21-COBRA बटालियन, CRPF की 153 बटालियन और स्थानीय पुलिस की एक संयुक्त टीम एंटी-नक्सल ऑपरेशन के लिए निकली थी.
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, तामो भीमा प्रतिबंधित माओवादी संगठन CPI (MAOIST) के प्लाटून नंबर 9 का सदस्य है. और उस पर दो लाख रुपए का इनाम था. वहीं ज्योति कोंडापल्ली रिवोल्यूशनरी पार्टी कमेटी के तहत क्रांतिकारी महिला आदिवासी संगठन की अध्यक्ष है. और उस पर एक लाख का इनाम रखा गया था.
छत्तीसगढ़ पुलिस का दावा है कि संयुक्त ऑपरेशन के तहत गिरफ्तार किए गए सातों नक्सली छुटवाई में सिक्योरिटी कैंप पर हुए हमले में शामिल थे. इसके साथ ही बीजापुर जिले में लंबे समय से चल रही माओवादी हिंसा की कई दूसरी घटनाओं में भी इनकी भागीदारी रही है.
ये भी पढ़ें - छत्तीसगढ़ में नक्सली मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने किया 5 नक्सलियों के एनकाउंटर का दावा
पहले भी पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई थी
इससे पहले अप्रैल में भी बस्तर से पांच कथित नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया था. इनमें से दो नक्सलियों पोट्टम भीमा और हेमला भीमा को जिला रिजर्व गार्ड और स्थानीय पुलिस ने सुकमा जिले के चिंतलनार इलाके से गिरफ्तार किया था. पोट्टम भीमा पर एक लाख का इनाम था. और वह प्रतिबंधित माओवादी संगठन दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संघ का अध्यक्ष था. उसके साथ गिरफ्तार की गई हेमला भीमा उसी संगठन की मिलिशिया सदस्य थी.
इसी दौरान बीजापुर से भी तीन माओवादियों को गिरफ्तार किया था. जिनमें नागेश कट्टम, सुरेश काका और दुला काका शामिल हैं. उन्हें परमापल्ली गांव के पास गिरफ्तार किया गया था.
वीडियो: छत्तीसगढ़ में क्यों नहीं खत्म होगी कोयले की राख? बुजुर्ग ने बता दिया

