यूपी पुलिस ने गांजा-हथियार के साथ युवक को 'पकड़ा', लेकिन वीडियो ने पोल खोल दी!
पुलिस ने कहा कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार था. लेकिन वीडियो में पुलिस आरोपी को घर से ले जाती दिख रही है.

उत्तर प्रदेश के चंदौली (Chandauli) में पुलिस की एक कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं. यहां पुलिस ने एक 24 साल के युवक को 12 फरवरी के दिन गिरफ्तार किया. आरोप है कि युवक के पास से गांजा और एक देशी तमंचा बरामद किया गया. मामला धानापुर थाना क्षेत्र के डबरिया गांव का है. पुलिस कह रही है कि युवक को रास्ते में चेकिंग के दौरान गांजे के साथ पकड़ा गया. लेकिन एक वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर दावा किया जा रहा है कि पुलिस युवक को उसके घर से पकड़ कर ले गई और उस दौरान युवक खाली हाथ था.
पुलिस का दावापुलिस की ओर जारी प्रेस नोट में जानकारी दी गई,
चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति, जो डबरिया की तरफ से मोटरसाइकिल पर आ रहा था, उसको रोकने का प्रयास किया गया तो वह भागने लगा. उसे पकड़कर चेक किया तो मोटरसाइकिल की डिग्गी से 5 किग्रा 350 ग्राम गांजा मिला. युवक की तलाशी में उसके पास से एक देशी तमंचा और 1 जिंदा कारतूस मिला. आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मोटरसाइकिल चोरी की है.

ये पुलिस का पक्ष था. लेकिन अगले दिन यानी 13 फरवरी को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जो उसी आरोपी के घर का बताया जा रहा है.
वीडियो में क्या दिखा?इस वीडियो में पुलिस एक युवक को खींचकर ले जाती दिख रही है. पहले आप भी वो वीडियो देख लीजिए.
बताया जा रहा है कि ये वही युवक है, जिसे पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार करने की बात कही है. गांजा और एक तमंचे के साथ. वहीं सामने आए वीडियो में युवक खाली हाथ दिख रहा है. उसे तीन पुलिस वाले ले जाते दिख रहे हैं. वहीं एक बुजुर्ग पुलिसवालों से पूछ रहे हैं कि युवक को क्यों ले जाया जा रहा है.
चंदौली पुलिस की ओर से 13 फरवरी को किए गए ट्वीट में युवक को शातिर तस्कर बताया गया था. पुलिस की ओर से जारी तस्वीर में युवक उन्हीं कपड़ों में दिख रहा है, जिन कपड़ों में युवक का वीडियो वायरल हुआ है.
अब जांच हो रही हैवीडियो सामने आने के बाद से ही पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं. इस मामले में सब इन्स्पेक्टर मोहम्मद सलीम, हेड कॉन्स्टेबल दीपक त्रिपाठी और हेड कॉन्स्टेबल धीरेंद्र यादव की भूमिका को भी संदिग्ध बताया जा रहा है.
वहीं वीडियो वायरल होने के बाद चंदौली पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि इस मामले की जांच हो रही है. आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी.
वीडियो: पुलिस के सामने 100 लोगों की भीड़ ने दलित को पीटा, वजह हैरान कर देगी!

