The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • cbi issues notice to ex jammu and kashmir governor satya pal malik on bribery case

CBI ने सत्यपाल मलिक को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा, कांग्रेस बोली- ये तो होना ही था

नोटिस पर सत्यपाल मलिक ने क्या कहा?

Advertisement
pic
21 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 21 अप्रैल 2023, 11:27 PM IST)
cbi issues notice to ex governor satya pal malik
जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक (फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

CBI ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को कथित इंश्योरेंस घोटाले में पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है. सत्यपाल मलिक ने दावा किया था कि जम्मू-कश्मीर में राज्यपाल रहने के दौरान उन्हें दो फाइल की मंजूरी के लिए 300 करोड़ रुपये की रिश्वत देने की कोशिश की गई थी. 21 अप्रैल को CBI ने उन्हें इसी मामले में पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है.

दी लल्लनटॉप से सत्यपाल मलिक ने इसकी पुष्टि की है. मलिक ने बताया कि रिलायंस इंश्योरेंस मामले में कुछ "स्पष्टीकरण" के लिए CBI ने उनसे पूछताछ करेगी. इसके लिए 28 अप्रैल को CBI की टीम 28 अप्रैल को उनके घर आएगी. दी लल्लनटॉप से बातचीत करते हुए सत्यपाल मलिक ने कहा, 

“ये समन नहीं है. मैंने जो इंश्योरेंस (स्कीम) कैंसिल की थी, उसमें वे लोग कुछ स्पष्टीकरण चाहते हैं. मुझे बताया गया था कि इसमें 300 करोड़ रुपये का मामला शामिल था. मुझे नहीं पता कि इसमें कौन शामिल था. मैंने कह दिया था ये पैसे नहीं चाहिए, इसे कैंसिल करो.”

अक्टूबर 2021 में सत्यपाल मलिक ने दावा किया था कि उन्हें दो फाइलों को मंजूरी देने के लिए 300 करोड़ रुपये की रिश्वत ऑफर की गई थी. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें एक फाइल RSS (राष्ट्रीय स्वयं सेवक) के नेता से जुड़ी थी. मलिक के आरोपों के बाद CBI ने दो मामले दर्ज किए थे. इस साल अप्रैल में 14 जगहों पर तलाशी भी ली थी. CBI ने अनिल अंबानी की रिलायंस जनरल इंश्योरेंस कंपनी (RGIC) और चेनाब वैली पावर प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड (CVPPPL) के अधिकारियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है.

राजस्थान के झुंझुनू में एक कार्यक्रम में मलिक ने आरोप लगाया था कि जब वह जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल थे, तो उन्हें दो फाइलें मिली थीं. इनमें से एक अंबानी से संबंधित थी और दूसरी RSS कार्यकर्ता से. उन्होंने कार्यक्रम में कहा था, 

“उस समय एक सचिव ने मुझे बताया कि ये संदिग्ध सौदे हैं. लेकिन एक की मंजूरी के लिए मुझे 150 करोड़ रुपये मिल सकते हैं. मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस बारे में सतर्क किया तो उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर कोई समझौता नहीं होना चाहिए.”

मलिक ने आरोप लगाया था कि फाइलों की मंजूरी के लिए उन पर दबाव भी बनाया गया था.

इस मामले में कांग्रेस ने भी प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस ने ट्वीट कर केंद्र सरकार पर हमला बोला है. कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल से ट्विटर पर लिखा गया,

“आख़िरकार PM मोदी से रहा नहीं गया. सत्यपाल मलिक जी ने देश के सामने उनके राज़ खोल दिए तो CBI ने मलिक जी को बुला लिया. ये तो होना ही था. और अब एक चीज़ और होगी. 'गोदी मीडिया' अब भी चुप रहेगी, ये भी लिखकर रख लीजिए.”
 

सत्यपाल मलिक ने पुलवामा हमले पर क्या कहा था?

पूर्व राज्यपाल पिछले कुछ दिनों से चर्चा में हैं. हाल में उन्होंने केंद्र सरकार पर पुलवामा हमले को लेकर गंभीर आरोप लगाया था. मलिक ने द वायर को दिए इंटरव्यू में कहा था कि पुलवामा में CRPF के काफिले पर हमला हमारे सिस्टम और विशेष रूप से गृह मंत्रालय की लापरवाही का परिणाम था. उन्होंने तत्कालीन गृह मंत्री राजनाथ सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा था कि CRPF ने अपने जवानों को ले जाने के लिए विमान की मांग की थी. लेकिन गृह मंत्रालय ने मांग को ठुकरा दिया था. 

मलिक ने ये भी बताया था कि जिस रास्ते से CRPF को जाना था, उसका सैनिटाइजेशन प्रभावी ढंग से नहीं किया गया था. मलिक ने बताया था कि उन्होंने प्रधानमंत्री के सामने ये मुद्दा उठाया तो प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे इस बारे में चुप रहने और किसी को नहीं बताने की बात कही थी. इतना ही नहीं, मलिक ने ये भी सवाल उठाया था कि आतंकवादियों को इतनी भारी मात्रा में RDX कैसे मिला? 4 साल से ज्यादा होने पर भी आज पुलवामा आतंकी हमले की जांच कहां तक पहुंची है?

वीडियो: पुलवामा हमले पर सत्यपाल मलिक के दावे के बाद पीएम मोदी-अजीत डोभाल पर क्या बोले पूर्व सेना प्रमुख

Advertisement

Advertisement

()