किसान आंदोलन पर बोलने वाले कनाडा के पीएम ने अब कोरोना वैक्सीन पर क्या कहा है?
कब से शुरु होगा टीकाकरण, ये भी बताया है
Advertisement

कनाडा के पीएम ने कुछ समय पहले कहा था कि देश में कोरोना वैक्सीन लगाने में देरी होगी, इसे लेकर विपक्षी दलों के निशाने पर भी रहे थे.(फोटो - इंडिया टुडे)
ब्रिटेन में 8 दिसंबर मंगलवार से कोरोना की वैक्सीन लगाने का काम शुरु कर दिया गया. इसी बीच, कनाडा ने भी अपने यहां वैक्सीनेशन की शुरूआत करने की बात कही है. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा है कि यह काम अगले हफ्ते से किया जा सकता है. कनाडाई पीएम हाल ही में भारत में किसान आंदोलन को लेकर अपने बयान को लेकर चर्चा में रहे थे. उनके इस बयान पर भारत सरकार ने आपत्ति भी जताई थी.
वैक्सीन के अप्रूवल की कवायद तेज
कनाडा के प्रधानमंत्री ने बताया कहा कि अमेरिका की कंपनी फ़ाइज़र और जर्मनी की बायोएनटेक कंपनी द्वारा तैयार की गयी कोरोना वैक्सीन की ढाई लाख डोज़ दिसंबर में ही कनाडा पहुंच जाएंगी. वैक्सीन के अप्रूवल के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 10 दिसंबर तक कनाडा का सरकारी स्वास्थ्य विभाग, हेल्थ कनाडा इस वैक्सीन के अप्रूवल की प्रक्रिया पूरी कर लेगा.
बता दें कि ट्रूडो कोरोना वैक्सीन को लेकर दिए एक बयान की वजह से कनाडा की विपक्षी पार्टियों के निशाने पर आ गए थे. उन्होंने कहा था कि वैक्सीन लेने वालों में कनाडाई आगे नहीं होंगे, क्योंकि वैक्सीन की शुरूआती डोज़ उन देशों के नागरिकों को लगेंगी, जहां वैक्सीन बन रही हैं. उनका कहना था कि कनाडा में वैक्सीन के बड़े पैमाने पर उत्पादन की सुविधा नहीं है.
इसके बाद, सोमवार 7 दिसंबर को जस्टिन ट्रूडो ने जल्द ही वैक्सीन लगाने का काम शुरु होने की बात कही. उन्होंने कहा है कि फ़ाइज़र और बायोएनटेक के अलावा कनाडा 6 और वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों से करार कर चुका है. सबसे पहले वैक्सीन बुज़ुर्गों और लम्बे समय तक केयर-होम्स में काम करने वाले लोगों को लगाई जायेगी.

.webp?width=60)

