बोलीविया में नोटों से भरा सेना का विमान सड़क पर गिरा, भीड़ ने लूटे बिखरे पैसे, 15 की मौत
Bolivia Plane Crash: प्लेन के गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. दमकल और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि कुछ लोग सड़क पर बिखरे नोट उठाने की कोशिश कर रहे थे.

साउथ अमेरिकी देश बोलीविया का एक एयर फोर्स प्लेन क्रैश हो गया है. यह प्लेन नए छपे नोट लेकर जा रहा था. शुक्रवार, 27 फरवरी की शाम को टेकऑफ के कुछ ही देर बाद प्लेन एक रिहायशी इलाके में एक बिजी सड़क पर क्रैश हो गया. प्लेन क्रैश में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और लगभग 30 लोग घायल हो गए. इनमें से कई की हालत गंभीर है.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, प्लेन बोलीविया के शहर एल ऑल्टो में क्रैश हुआ, जो देश की राजधानी ला पाज के पास है. विमान एल ऑल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद बेकाबू होकर सड़क पर जा गिरा. जिस जगह हादसा हुआ, वह काफी भीड़भाड़ वाला इलाका था.
बोलीवियाई अखबार EL DEBER ने नेशनल फायर चीफ पावेल टोवर के हवाले से बताया कि कम से कम 15 लोगों की मौत हुई है. दर्जनों घायल लोगों को नॉर्थ हॉस्पिटल ले जाया गया है. यह प्लेन बोलीविया एयर फोर्स का C-130 हरक्यूलिस (FAB-081) था.
प्लेन देश के सेंट्रल बैंक से नए छपे 20 और 50 बोलिवियानो के नोट लेकर जा रहा था. हादसे के बाद सड़क पर मलबा और जली हुई गाड़ियां बिखरी दिखाई दीं. शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 15 गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है.
चश्मदीदों के मुताबिक, प्लेन के गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. दमकल और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. आग बुझाने के साथ-साथ सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को हटाने के लिए पानी की बौछारें कीं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि कुछ लोग सड़क पर बिखरे नोट उठाने की कोशिश कर रहे थे.
हालात तब और बिगड़ गए जब कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया गया. इसके बावजूद कुछ लोग मौके से नोट लेकर भागने में सफल रहे.
बोलीविया के सेंट्रल बैंक के अध्यक्ष डेविड एस्पिनोजा ने साफ कहा है कि चोरी किए गए नोटों की कोई कानूनी कीमत नहीं है और उन्हें रखना अपराध है. अव्यवस्था को रोकने और और लूटपाट से बचने के लिए अधिकारियों ने बचे हुए नोटों को जला दिया.
हादसे का कारण अभी साफ नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि खराब मौसम इसकी एक वजह हो सकता है. दुर्घटना के बाद एल ऑल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया. बोलीविया की राष्ट्रीय एयरलाइन बोलिवियाना डे एविएशन ने एक बयान में कहा कि हादसे में शामिल एयरक्राफ्ट उसके बेड़े का नहीं था.
वीडियो: अफगानिस्तान और पाकिस्तान में बढ़ा संघर्ष, कई शहरों पर हुई एयर स्ट्राइक

.webp?width=60)

