The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Blast near Afghanistan foreign ministry in Kabul more than 20 dead

अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय के पास आत्मघाती बम विस्फोट, 20 से ज्यादा लोगों की मौत

अभी तक इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी किसी ग्रुप ने नहीं ली है.

Advertisement
pic
11 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 11 जनवरी 2023, 08:08 PM IST)
Kabul Blast killed 20 people
अफगानिस्तान विदेश मंत्रालय के बाहर की तस्वीरें (फोटो- टोलो न्यूज)
Quick AI Highlights
Click here to view more

अफगानिस्तान में विदेश मंत्रालय के सामने एक आत्मघाती हमले (Kabul Blast) में कम से कम 20 लोगों की मौत हुई है. मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है. राजधानी काबुल में हुए इस धमाके में कई लोग घायल भी हुए हैं. अफगानी मीडिया टोलो न्यूज के मुताबिक ब्लास्ट में घायल हुए लोगों को इमरजेंसी अस्पताल में भर्ती किया गया है. काबुल पुलिस कमांड के प्रवक्ता खालिद जदरान ने ट्वीट कर बताया कि ब्लास्ट के तुरंत बाद वहां तालिबाली सुरक्षा बल पहुंचे. वहां राहत बचाव काम किया जा रहा है. 

धमाके के शिकार लोग विदेश मंत्रालय के सामने वाली सड़क पर पड़े दिखे. अभी तक इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी किसी ग्रुप ने नहीं ली है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, ये ब्लास्ट दोपहर 4 बजे हुआ था. इस समय वहां काफी भीड़ होती है. इस स्ट्रीट पर दूसरे मंत्रालय भी हैं. इसी इलाके मे तुर्की, चीन सहित दूसरे देशों के दूतावास भी हैं.

विदेश मंत्रालय में तालिबान के साथ चीन के एक प्रतिनिधिमंडल की बैठक भी थी. समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक सूचना विभाग के उपमंत्री मुहाजर फराही ने बताया कि इसकी पुष्टि नहीं हुई कि ब्लास्ट के वक्त चीनी प्रतिनिधिमंडल वहां था या नहीं. AFP टीम के एक ड्राइवर ने बताया कि उन्होंने एक व्यक्ति को कंधे पर बैकपैक के साथ देखा था, थोड़ी दूर चलते ही उसने खुद को विस्फोट में झोंक दिया.

सितंबर 2022 के बाद बड़ा आत्मघाती धमाका

इससे पहले सितंबर 2022 में काबुल में बड़ा आत्मघाती धमाका हुआ था, जिसमें कम से कम 53 लोगों की मौत हुई थी. काबुल के काज एजुकेशन सेंटर में यह ब्लास्ट हुआ था. जान गंवाने वालों में ज्यादातर हजारा समुदाय के लोग थे. हजारा अफगानिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय है. इस धमाके में 80 से ज्यादा लोग घायल भी हुए थे.

काबुल पर कब्जे के बाद तालिबान सरकार लगातार आतंकी हमलों का सामना कर रही है. इनमें से ज्यादातर हमलों की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (ISIS) ने ली है. रूसी और पाकिस्तानी दूतावास सहित दूसरे शहरों में भी इस्लामिक स्टेट ने हमले किए हैं. अगस्त 2021 में सत्ता में आने के बाद तालिबान ने सुरक्षा की स्थिति सुधारने का दावा किया था. लेकिन तब से सैकड़ों हमले और बम विस्फोट हो चुके हैं. पिछले महीने एक होटल पर हमले में पांच चीनी नागरिक घायल हुए थे.

Advertisement

Advertisement

()