बिहार: दरभंगा में 'राम झांकी' के दौरान दो पक्षों में झड़प, पत्थरबाजी के बाद इलाके में तनाव
Darbhanga: झांकी निकालते वक्त रास्ते में दूसरे पक्ष के कुछ लोगों से बहस हो गई. इसके बाद दोनों पक्षों में पत्थरबाजी हुई. आस-पास के लोगों ने पुलिस को बताया कि इससे पहले कभी कोई पत्थरबाजी नहीं हुई थी.

बिहार के दरभंगा (Darbhanga Communal Tension) से दो पक्षों में झड़प की खबर सामने आ रही है. ये झड़प राम विवाह पंचमी के मौके पर झांकी निकालने के दौरान हुई. जिसमें दोनों तरफ से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे बरसाए गए. इस पत्थरबाजी में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हुए हैं. घटना के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. पुलिस के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.
आजतक की खबर के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि घटना दरभंगा के नगर थाना इलाके के तरौनी गांव में हुई है. झांकी को तरौनी से बाजितपुर में स्थित मस्जिद तक जाना था. फिर बाजितपुर से इसकी वापसी होनी थी. झांकी निकालते वक्त रास्ते में दूसरे पक्ष के कुछ लोगों से बहस हो गई. इसके बाद दोनों पक्षों में पत्थरबाजी हुई. आस-पास के लोगों ने पुलिस को बताया कि इससे पहले कभी कोई पत्थरबाजी नहीं हुई थी.
दरभंगा के SSP जगुनाथ रेड्डी ने कहा,
"राम जानकी विवाह के लिए जुलूस SHO की अनुमति के बिना निकाला गया. जब जुलूस वाजिदपुर मस्जिद के पास पहुंचा तो दो समूहों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद पथराव शुरू हो गया. SHO और अन्य पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. हम जांच कर रहे हैं. लोगों के बयान लिए जा रहे हैं."
इस घटना पर दरभंगा के SDM विकास कुमार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की. उन्होंने कहा,
“जो आरोप लग रहे हैं कि छत के ऊपर पत्थर रखे गए थे और सुनियोजित तरीके से शोभा यात्रा पर पत्थर बरसाए गए, ये गलत हैं. दरअसल, जिस जगह पर घटना घटी है वहीं पर दो निर्माणाधीन मकान हैं और उसी के ईंट पत्थर रखे हुए थे, जिनका इस्तेमाल पत्थरबाजी के दौरान किया गया. मामले में FIR दर्ज की जा रही है. स्थिति पूरी तरीके से नियंत्रण में है. CCTV फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.”
घटना के बाद इलाके में तनाव है. मौके पर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात है और पुलिस लगातार फ्लैग मार्च कर रही है.
वीडियो: पत्थरबाजी, गोली चली... दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसा, एक व्यक्ति की मौत

