The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Bihar police arrested father of galwan violence martyred soldier jai kishore sing

गलवान मुठभेड़ के शहीद जवान के पिता को पुलिस ने दी 'गालियां', फिर 'घसीट' कर ले गई

गिरफ्तार हुए राज कपूर सिंह गलवान मुठभेड़ में शहीद हुए जय किशोर सिंह के पिता हैं.

Advertisement
pic
28 फ़रवरी 2023 (अपडेटेड: 28 फ़रवरी 2023, 03:12 PM IST)
shaeed jay kishore singh and his father raj kapoor singh
(बाएं से दाएं) शहीद जय किशोर सिंह, उनका स्मारक और उनके पिता राज कपूर सिंह. (फोटो: आजतक और सोशल मीडिया)
Quick AI Highlights
Click here to view more

गलवान घाटी मुठभेड़ में शहीद हुए एक जवान के पिता के साथ पुलिस ने कथित रूप से ज्यादती की. घटना बिहार के वैशाली जिले की है. पुलिस ने खुद पर लगे आरोपों से इनकार किया है. इस बीच घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इसमें पुलिस शहीद जय किशोर सिंह के पिता राज कपूर सिंह को ले जाती दिख रही है. फुटेज सामने आने के बाद सवाल किया जाने लगा कि एक शहीद के पिता के साथ पुलिस ने ऐसा बर्ताव क्यों किया.

क्यों गिरफ्तार किया?

आजतक से जुड़े रोहित सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक मामला जमीनी विवाद से जुड़ा है. इस सिलसिले में बीती 25 फरवरी को जिले के जंदाहा थाने की पुलिस ने शहीद जय किशोर के पिता को गिरफ्तार किया था. राज कपूर सिंह को जिले के कजरी बुजुर्ग गांव स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया. परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उनसे अभद्र व्यवहार किया. उन्हें ‘घसीटते’ हुए गाड़ी में बिठाया गया.

पिछले साल 24 फरवरी को गांव में शहीद जय किशोर सिंह का स्मारक बनवाया गया था. स्मारक की बगल में गांव के हरिनाथ सिंह की करीब एक एकड़ जमीन है. दलित समाज से आने वाले हरिनाथ का आरोप है कि राज कपूर सिंह ने उनकी जमीन हड़प कर वहां दीवार बनवा दी है और उन्हें प्रताड़ित किया है. हरिनाथ का दावा है कि राज कपूर ने बिना किसी सरकारी आदेश के ये निर्माण करवाया है. बोले कि दीवार बनने की वजह से उनको आने-जाने में दिक्कत होती है.

आरोप ये भी है कि राज कपूर सिंह ने एक समझौते का उल्लंघन किया है. हरिनाथ के मुताबिक समझौते के तहत राज कपूर को हरिनाथ राम के लिए किसी और जगह पर जमीन का टुकड़ा खरीद कर देना था, क्योंकि जिस जगह पर स्मारक बना है वो हरिनाथ के घर के रास्ते के बीच में आती है. इस वजह से उन्हें आने-जाने में दिक्कत होती है.

हरिनाथ ने इसे लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी. इसमें राज कपूर सिंह के खिलाफ IPC की धारा 188 (किसी के जीवन के लिए खतरा पैदा करना), 323 (किसी को चोट पहुंचाना), 504 (समाज में परेशानी पैदा करना) और 506 (आपराधिक कृत्य) के अलावा SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

परिवार और पुलिस का क्या कहना है?

वहीं शहीद जय किशोर सिंह के भाई नंद किशोर ने पिता की गिरफ्तारी पर कहा,

‘पुलिस ने मुझसे कहा कि 15 दिन के अंदर स्मारक हटा लीजिए. इसके बाद इलाके की पुलिस घर पर आई और मेरे पिता को गिरफ्तार कर मारते-पीटते हुए ले गई. ले जाते वक्त उन्हें गालियां भी दी गईं.’

उधर महुआ DSP पूनम केसरी ने मामले में बताया कि इस मामले में शिकायतकर्ता हरिनाथ राम का आरोप है कि उनकी जमीन पर शहीद के पिता ने अपने बेटे के लिए स्मारक बना दिया था. इसकी वजह से उन्हें अपने घर आने जाने में दिक्कत हो रही थी. अधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ता की शिकायत पर ही राज कपूर को गिरफ्तार किया गया है. 

वीडियो: तारीख: बिहार का 'बॉबी कांड', जिसे सुलझाने के लिए एक IPS सरकार से भिड़ गया था

Advertisement

Advertisement

()