'बिहार के हैं हम पर हमको बिहारी मत कहना', इस लड़के की कविता ने लोगों का दिल जीत लिया!
बिहार पर ये कविता वायरल

बुद्ध की धरती बिहार से होना अपने आप में गर्व की बात होती है लेकिन कुछ लोगों की सोच के चलते लोग बिहारी शब्द को हीन भावना से देखने लगे हैं. कई लोग तो इस राज्य के लोगों पर मीम और जोक्स भी बनाते हैं. अब एक लड़के ने अपनी कविता के जरिए ऐसी सोच रखने वाले लोगों पर निशाना साधा है. इस कविता को सोशल मीडिया पर भरपूर प्यार मिल रहा है. सोशल मीडिया पर साहिल नाम के एक युवा कवि की कविता (Jaagir Poem By Sahil Kumar Viral On Internet) काफी देखी जा रही है. इस कविता ने लोगों का दिल जीत लिया है.
साहिल ने अपनी कविता के जरिए उन लोगों की सोच को निशाने पर लिया है जो बिहारी शब्द को हीन भावना से देखते हैं. साहिल की वायरल कविता का नाम 'जागीर' है. इसमें साहिल कहते हैं, 'हम र को ड़ बोलेंगे, पर तुम इसे हमारी लाचारी मत कहना. बिहार के हैं, पर हमको बिहारी मत कहना. क्योंकि समाज में फैला है ऐसा बदहाली, बिहारी होना हो गया है गाली. तुम्ही हर बार इंसानियत को क्षेत्रियता के तराजू में तोलते हो. मॉम-डैड बिहार से थे, आई एम फ्रॉम डेल्ही बोलते हो.' ये कविता काफी वायरल है और अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर इसे करोड़ों व्यूज मिल चुके हैं. देखें ये वायरल वीडियो...
आगे साहिल कहते हैं, 'अभी भी दिल में कोई खलिश हो तो गलती तुम्हारी है. क्योंकि तुम्हारे लिए हरियाणा वाले सट्टा चलाते हैं, यूपी वाले कट्टा चलाते हैं. साउथ वालों के यम यन से तुम्हें आपत्ति है. अपने ही देश की भाषाओं से तुम्हें विपत्ति है. सबको देशद्रोही बोल देते हैं. तुम्हें रोके भला किसकी मजाल है. अपने ही देश के उत्तरपूर्वी लोग तुम्हें लगते चाइना का माल हैं.' इस कविता ने लोगों का दिल जीत लिया है.
लोग कह रहे हैं कि इस कविता के जरिए साहिल ने लोगों के सामने इस समाज की एक कड़वी सच्चाई रखी है. लोगों ने तो इस कविता पर कई तरह के कॉमेंट किए हैं. वैसे आपका इस पूरे मामले पर क्या मानना है? हमें कॉमेंट करके बताइए और ऐसी ही वायरल खबरों के लिए पढ़ते रहिए द लल्लनटॉप.
वीडियो: सोशल लिस्ट: 'पठान' के साथ दिखेगा 'किसी का भाई, किसी की जान' का टीजर, शाहरुख के भरोसे सलमान?

