The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • bihar nawada criminal opened fire in mahadalit area burn house

बिहार: जमीन विवाद में दलितों के 80 घरों में आग लगाई, तेजस्वी बोले- 'महाजंगलराज'

फिलहाल, घटना का मूल कारण जमीन विवाद सामने आ रहा है. लेकिन अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है.

Advertisement
pic
18 सितंबर 2024 (अपडेटेड: 18 सितंबर 2024, 12:03 AM IST)
bihar nawada criminal opened fire in mahadalit area burn house
पुलिस की टीम कैंप कर रही. (तस्वीर- आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

बिहार के नवादा जिले में 18 सितंबर की शाम एक जमीन विवाद इतना बढ़ गया कि लोगों ने कई घरों में आग लगा दी. यह घटना एक महादलित टोले में हुई. आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, इलाके में करीब 80 घरों में आग लगा दी गई है. हालांकि पुलिस के मुताबिक 20 से अधिक घरों में आग लगाई गई है. इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है. एक दलित बस्ती में हुई इस घटना का मूल कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है. लेकिन अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है. 

गोलीबारी के बाद आग लगाई गई

घटना जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देदौर कृष्णा नगर की है. आजतक की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित परिवारों का आरोप है कि उनकी बस्ती में 18 सितंबर की शाम अचानक कुछ लोगों ने हमला कर दिया. ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने के कारण लोगों में अफरातफरी मच गई. इस दौरान कई घरों को आग लगा दिया गया है. आगजनी में कई मवेशी जलकर मर गए हैं. वहीं कई घरों का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया है. आग लगने की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड को भेजा गया है. 

यह भी पढ़ें:पेजर विस्फोट के बाद लेबनान में फिर से धमाके, हिजबुल्लाह सदस्यों के वॉकी-टॉकी फट गए

मौके पर पहुंची पुलिस ने जारी किया बयान

घटना की सूचना मिलने के बाद नवादा सदर अंचल के अधिकारी विकेश कुमार सिंह मुफस्सिल थाने की पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे. SDPO सदर नवादा सुनील कुमार ने बयान जारी किया है. उन्होंने कहा, 

“अभी तक किसी व्यक्ति की मृत्यु की खबर सामने नहीं आई है. घटना का मूल कारण जमीन विवाद है. लेकिन अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है. पूछताछ में बताए गए लोगों के विरुद्ध छापेमारी की जा रही है. कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है.”

एसपी अभिनव धीमान ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा,

“हमने जिन  इलाकों में आग लगी है, वहां सर्वे किया है.  आग से प्रभावित 21 घरों के परिवारों को चिन्हित किया गया है. इस घटना को लेकर हमने 7 लोगों को गिरफ्तार किया है.जब तक स्थिति नियंत्रण में नहीं आती तब तक पुलिस इलाके में गश्त जारी रहेगी. ”

‘आजतक’ की रिपोर्ट के अनुसार, गांव में एक बड़े भूखंड पर फिलहाल दलित परिवारों का कब्जा है. इस जमीन पर कब्जे को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद चल रहा है. मामले की सुनवाई वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं.

तेजस्वी ने उठाए सवाल

बिहार के पूर्व उपमुख्यममंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने नवादा में हुई घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है. उन्होंने लिखा,

“महा जंगलराज! महा दानवराज! महा राक्षसराज! नवादा में दलितों के 100 से अधिक घरों में लगायी आग.नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के राज में बिहार में आग ही आग. सीएम नीतीश कुमार बेफिक्र, NDA के सहयोगी दल बेख़बर. गरीब जले, मरे-इन्हें क्या? दलितों पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं होगा.” 

 

वीडियो: सोशल लिस्ट : ऑस्ट्रेलिया की यूट्यूबर ने भारतीय खाने को बताया ‘धूल-मसाला’ वाला, भारतीय हुए नाराज़

Advertisement

Advertisement

()