The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Bihar boy dies after alleged fake doctor performs YouTube-guided surgery

यूट्यूब वीडियो देखकर 'डॉक्टर' ने की बच्चे की सर्जरी, मौत हो गई

घटना बिहार के सारण की है. मृतक बच्चे के परिवार का आरोप है कि 'डॉक्टर' ने ऑपरेशन करने के लिए यूट्यूब की मदद ली. वो वीडियो देखकर सर्जरी कर रहा था. आरोपी 'डॉक्टर' फरार है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.

Advertisement
pic
8 सितंबर 2024 (पब्लिश्ड: 05:22 PM IST)
Bihar fake doctor operated on boy while watching YouTube tutorials
परिवार ने आरोपी 'डॉक्टर' के खिलाफ लापरवाही और मेडिकल मैल्प्रैक्टिस की शिकायत दर्ज कराई है. (सांकेतिक तस्वीर: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

बिहार के सारण में पित्ताशय की पथरी निकालने की सर्जरी के बाद 15 साल के एक लड़के की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि ये सर्जरी एक फर्जी डॉक्टर ने की थी. इतना ही नहीं, मृतक लड़के के परिवार का ये भी आरोप है कि 'डॉक्टर' ने यूट्यूब पर सर्जरी की प्रक्रिया का वीडियो देखकर बच्चे का ऑपरेशन किया. आरोपी ‘डॉक्टर’ फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

आजतक के आलोक कुमार जायसवाल की रिपोर्ट के मुताबिक मामला मढौरा थाना क्षेत्र का है. यहां धर्मबागी बाजार स्थित गणपति सेवा सदन में ये घटना 6 सितंबर की देर रात हुई. भुवालपुर गांव के रहने वाले 15 साल के गोलू साह को उल्टी और पेट दर्द हो रहा था. उसे पहले से गॉल ब्लैडर में पथरी की शिकायत थी. 

गोलू के परिवार के मुताबिक उल्टी और पेट दर्द होने पर उसे गणपति सेवा सदन हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था. परिवार का आरोप है कि हॉस्पिटल के 'डॉक्टर' अजीत कुमार पुरी ने उनकी जानकारी या सहमति के बिना बच्चे का ऑपरेशन शुरू कर दिया. 

ये भी पढ़ें- डिलिवरी कराने के लिए महिला को दिए 8 इंजेक्शन, फिर ऑटो में गड्ढे वाली सड़क पर घुमाया, बच्चे की मौत

परिवार का ये भी कहना है कि वो अपने मोबाइल फोन पर यूट्यूब वीडियो देखकर सर्जरी कर रहा था. ऑपरेशन के दौरान बच्चे की हालत बिगड़ने पर 'डॉक्टर' उसे खुद एंबुलेंस से पटना अस्पताल ले जाने लगा. लेकिन रास्ते में बच्चे की मौत हो गई और 'डॉक्टर' बच्चे के शव को छोड़कर फरार हो गया. 

बच्चे की मौत के बाद परिवार ने पुलिस को घटना की सूचना दी. पुलिस ने क्लीनिक की जांच की और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. मृतक बच्चे के परिवार ने आरोपी 'डॉक्टर' अजीत कुमार पर लापरवाही और मेडिकल मैल्प्रैक्टिस का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है. 

सारण पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने इस मामले पर कहा कि स्थानीय मढौरा थाने में बच्चे के परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है. उनके मुताबिक पुलिस आरोपी 'डॉक्टर' और उसके क्लीनिक के कर्मचारियों की तलाश में जुटी है.

वीडियो: हाथरस में बड़ा हादसा, मैक्स और रोडवेज बस की टक्कर में 17 की मौत

Advertisement

Advertisement

()