BHU के एनुअल फेस्ट में दीपिका पादुकोण की डेटिंग हिस्ट्री को घसीटा, जनता नाराज़ हो गई
हम दूसरों की डेटिंग लाइफ में इतनी दिलचस्पी क्यों लेते हैं?

Koffee with Karan season 8 के पहले एपिसोड में Deepika Padukone और Ranveer Singh आए थे. जैसी कि इन दिनों परंपरा बन गई है, इस एपिसोड के स्ट्रीम होने के बाद दीपिका और रणवीर को ट्रोल करते कई मीम बने. ज़्यादातर मीम्स के निशाने पर दीपिका का रोमैंटिक पास्ट रहा. कि उन्होंने रणवीर से पहले किन लोगों के साथ समय बिताया.
कुछ इसी लीक पर बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में एक हरकत हुई है. BHU में हुए एक फेस्ट में एक ऐसी प्रस्तुति दी गई, जिसमें दीपिका की डेटिंग हिस्ट्री निशाने पर थी. इस वाकये का वीडियो Deepika Padukone BHU Video नाम से सोशल मीडिया पर वायरल है. कई लोगों ने इस वीडियो पर आपत्ति ली है, क्योंकि इसमें दिखाया गया है कि कैसे दीपिका ने अलग-अलग समय पर अलग-अलग लोगों को डेट किया.
दी लल्लनटॉप ने BHU के स्टूडेंट से बात की. उन्होंने हमें नाम ज़ाहिर न करने की शर्त पर बताया कि ये वीडियो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (IMS BHU) के एनुअल फेस्ट का है. 4 से 8 नवंबर 2023 तक चले इस फेस्ट का नाम ELIXIR था. ELIXIR में फैशन शो और रैंप वॉक का भी एक इवेंट था, जिसका नाम 'लिबास' था. वायरल वीडियो उसी इवेंट का है. कुछ स्टूडेंट्स ने मिलकर 'लिबास' में दीपिका पादुकोण की डेटिंग लाइफ पर एक परफॉर्मेंस तैयार की.
लोग क्या बोल रहे हैं?वीडियो वायरल होने के बाद इस परफॉर्मेंस को एक घटिया पर्सनल अटैक बताया जा रहा है. रिया नाम की एक यूजर ने कहा,
"ये यूपी के वाराणसी का BHU है.
दीपिका पादुकोण के पास्ट को दिखाने के लिए एक ड्रामा शो का आयोजन किया गया, जिसमें दिखाया गया कि कैसे उन्होंने पास्ट में कई लोगों को डेट किया."
इससे चीप और गिरा हुआ काम कोई नहीं कर सकता.''

गंगोही नाम के एक यूज़र ने लिखा,
“यह देखकर हैरानी हुई कि ऑर्गनाइजर्स ने इसकी अनुमति दे दी.”

एक यूज़र ने लिखा,
“मीम्स और मज़ाक समझ आते हैं लेकिन फेस्ट या किसी और फंक्शन में ऐसी प्रेजेंटेशन देना, स्टेज की गरिमा और इंस्टीट्यूट के सम्मान के ख़िलाफ़ है.”

कॉफ़ी विद करण के एपिसोड में क्या था?
'कॉफी विद करण' के आठवें सीज़न के ओपनिंग एपिसोड में रणवीर और दीपिका आए थे. ये दोनों शादी के बाद पहली बार किसी चैट शो में पहुंचे थे. शो में दीपिका पादुकोण ने शादी से पहले की अपनी निजी ज़िंदगी के बारे में बात की. उन्होंने बताया कि वो रणवीर सिंह को डेट करने के दौरान अन्य लोगों से भी मिल रही थीं (इसी को जनता ने बाद में सिचुएशनशिप करार दिया).
शो में ही उनकी शादी की एक छोटी सी क्लिप भी दिखाई गई. वैसे इस एपिसोड में मेंटल हेल्थ पर भी बात हुई थी. लेकिन जनता अटक गई दीपिका की डेटिंग हिस्ट्री पर. और मीम बनने लगे. और अब BHU के फेस्ट में ये प्रस्तुति सामने आई है.
ये भी पढ़ें: 'कॉफी विद करण' विवाद पर दीपिका-रणवीर के बचाव में क्या बोले करण जौहर?

