सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी की हत्या करने को कहा, पोस्ट करते ही अरेस्ट हो गया स्टूडेंट!
पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र ने कथित तौर पर आरजी कर मेडिकल कॉलेज में रेप और मर्डर केस की पीड़िता ट्रेनी डॉक्टर की पहचान और फोटो भी लीक की.

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ विवादित पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने बीकॉम सेकेंड ईयर के एक छात्र को अरेस्ट किया है (CM Mamata Banerjee Assassination Post Accused Arrest). आरोपी छात्र की पहचान कीर्ति शर्मा के तौर पर हुई है. आरोप है कि उसने 'कीर्तिसोशल' नाम के हैंडल से ममता बनर्जी की हत्या से जुड़ा पोस्ट किया था. उसने कथित तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या वाले तरीके से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की हत्या करने के लिए दूसरों को भड़काने की कोशिश की.
पुलिस ने ये भी आरोप लगाया कि छात्रा ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में रेप और मर्डर केस की पीड़िता ट्रेनी डॉक्टर की पहचान और फोटो भी लीक की. कोलकाता पुलिस ने कहा कि तलतला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज होने के बाद ये गिरफ्तारी की गई.
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक कोलकाता पुलिस ने घटना के संबंध में बयान जारी किया,
इंस्टाग्राम आईडी 'कीर्तिसोशल' हैंडल चला रहे आरोपी के संबंध में एक शिकायत मिली थी जिसने आरजी कर अस्पताल में हालिया घटना से संबंधित तीन इंस्टाग्राम स्टोरी अपलोड की थीं. उन पोस्ट में पीड़िता की पहचान और तस्वीर का खुलासा किया गया जो बेहद आक्रामक है. इसके साथ ही आरोपी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों और जान से मारने की धमकियों वाली दो स्टोरी शेयर की थीं. वो कॉमेंट उत्तेजक हैं और सामाजिक अशांति पैदा कर लोगों के बीच नफरत को बढ़ावा दे सकते हैं.
पुलिस ने बताया कि आरोपी को जल्द ही कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा.
इस बीच तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुणाल घोष ने कहा कि कोलकाता पुलिस उन्हीं लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है जो सोशल मीडिया पर गलत जानकारी, फर्जी ऑडियो पोस्ट कर रहे हैं और आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में बलात्कार और हत्या करने वाले डॉक्टर के नाम का खुलासा कर रहे हैं. उन्होंने कहा,
लोग शांति से प्रदर्शन कर सकते हैं लेकिन गलत जानकारी, विकृत धारणाएं, फर्जी ऑडियो, जानबूझकर भड़काने वाले पोस्ट, मृतकों के नाम और तस्वीरें देने पर पुलिस चेतावनी देगी.
31 साल की ट्रेनी डॉक्टर के रेप और मर्डर केस में CBI की जांच और पूछताछ जारी है.
वीडियो: "भाजपा को राजनीति नहीं करनी चाहिए" कोलकाता रेप केस पर अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी का भी नाम लिया

