The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • bareilly police thana two policemen fight each other and even fired shot five suspended including officer

बरेली: महिला सिपाही से दोस्ती पर झगड़ा हो गया, थाने में एक पुलिसवाले ने दूसरे पर गोली चला दी!

गोली दूसरे पुलिसवाले को नहीं लगी. बरेली के SP ने थाने के SHO समेत पांच को सस्पेंड कर दिया.

Advertisement
Bareilly Thana Firing case
बरेली के बहेड़ी थाने में गोली चली. (फोटो: आज तक)
pic
धीरज मिश्रा
7 सितंबर 2022 (Updated: 7 सितंबर 2022, 12:34 AM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बरेली (Bareilly) जिले में एक महिला पुलिसकर्मी से दोस्ती को लेकर दो पुलिसकर्मियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक पुलिसवाले ने दूसरे पुलिसकर्मी पर गोली चला दी. हालांकि, गनीमत ये रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और गोली फर्श पर लगी. ये मामला बरेली के बहेड़ी थाने का है. इस घटना को लेकर बरेली के पुलिस कप्तान (SP) ने गहरी नाराजगी जाहिर की और उन्होंने थाना अध्यक्ष समेत पांच लोगों को तुरंत ही पद से हटा दिया है.

आज तक से जुड़े कृष्ण गोपाल राज की रिपोर्ट के मुताबिक, ये झगड़ा मामूली सी बात को लेकर शुरू हुआ था और धीरे-धीरे ये बढ़ता चला गया. बताया जा रहा है कि थाने में तैनात एक महिला सिपाही से दोस्ती के चक्कर में दो सिपाहियों के बीच मनमुटाव चल रहा था. इसे लेकर पहले भी सिपाहियों की बीच झगड़ा हुआ था.

वसूली की वजह से झगड़ा?

इस घटना का एक पहलू ये भी बताया जा रहा है कि क्योंकि एसएसपी बरेली ने हाल के दिनों में भ्रष्टाचार को लेकर सख्त रवैया अपनाया है, इसके कारण पुलिसवालों की ‘अवैध’ कमाई अब बंद हो गई है. इसलिए इलाके में वसूली की रकम का बंटवारा भी घटना के पीछे की एक बड़ी वजह बताई जा रही है. बहरहाल, इन तमाम अटकलों और आरोपों के बीच इस पूरे मामले पर पुलिस ने खामोशी अख्तियार की हुई है.

रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे मामले को थाने ने दबा रखा था. लेकिन किसी तरह ये खबर बरेली के पुलिस कप्तान सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज तक पहुंच गई. जिसके बाद उन्होंने तुरंत ही मामले की जांच कराई और फिर उन्होंने पुलिस विभाग पर बड़ी कार्रवाई की. SHO से लेकर इंस्पेक्टर (क्राइम) समेत 5 लोगों को सस्पेंड कर दिया गया और बहेड़ी के CO को भी हटा दिया गया है.

बरेली के बहेड़ी थाने में पहली बार इस तरह का मामला सामने आया है, जहां थाने के अंदर ही पुलिसकर्मी ने अपने साथी पर गोली चला दी. इससे पहले बरेली के थाना सुभाष नगर में दो महिला पुलिसकर्मियों के बीच आपस में भिड़ने की बात सामने आई थी. एक महिला सिपाही ने अपनी सीनियर महिला दरोगा पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी.

सोशल लिस्ट: ब्रह्मास्त्र बॉयकॉट करने वाले ट्रोल्स की 'असलियत' जल्दी ही सामने आएगी

Advertisement

Advertisement

()