The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • balochistan bus firing unknown gunmen killed 23 people pakistan

बलोचिस्तान में हमलावरों ने बस रुकवाई, लोगों की ID चेक की और गोली मार दी, 23 की मौत

Balochistan Bus Attack: हमलावरों ने लोगों को पहले जबरन बस से उतारा, फिर उनकी पहचान करने के बाद गोली मारी. मारे गए लोग कहां के थे? जांच में और क्या सामने आया है?

Advertisement
pic
26 अगस्त 2024 (अपडेटेड: 26 अगस्त 2024, 04:13 PM IST)
balochistan firing unknown gunmen killed 23 people
हमलावरों ने गाड़ियों में भी आग लगा दी (Photo- AFP)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पाकिस्तान के बलोचिस्तान (Balochistan) में 23 यात्रियों की हत्या कर दी गई है. घटना बलोचिस्तान के मुसाखेल जिले की है. बंदूकधारियों ने पहले लोगों को बसों और गाड़ियों से उतारा फिर उनकी पहचान की और उसके बाद उन्हें गोली मार दी. सभी मृतक पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के रहने वाले थे. 

पाकिस्तानी अखबार डॉन से बात करते हुए मुसाखेल के असिस्टेंट कमिश्नर नजीब काकर ने बताया, 

"मुसाखैल जिले में हमलावरों ने पहले राराश्रम इलाके में हाइवे ब्लॉक किया, फिर वहां से गुज़रने वाली गाड़ियों को रोकना शुरु किया. गाड़ियां रुकने के बाद हमलावरों ने यात्रियों को बसों, गाड़ियों से उतारा. फिर एक-एक कर लोगों को गोली मार दी. हमलावरों ने 10 गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया. अबतक किसी गुट या संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है."

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने घटना पर शोक जताया है. राष्ट्रपति ज़रदारी ने कहा कि

"इतनी निर्ममता से मासूम लोगों की हत्या इंसानियत की हत्या है. इस घटना में शामिल गुनहगारों को कानून के सामने लाएंगे जिससे न्याय सुनिश्चित हो सके."

पाकिस्तान गृहमंत्री मोहसिन नक़वी ने भी इन हमलों की निंदा की है. उन्होंने इन हमलों को 'वहशियाना' कदम बताते हुए कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है.

साल 2024 में इस तरह का ये दूसरा हमला है. इससे पहले अप्रैल 2024 में बलोचिस्तान के नोश्की इलाके में बस सवार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हमलावरों ने पहले उनके आईडी कार्ड चेक किए फिर उन्हें गोली मार दी. इसी तरह अक्टूबर 2023 में भी पंजाब प्रांत के रहने वाले 6 मजदूरों को बलोचिस्तान के केच इलाके गोली मार दी गई थी.

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश ने भारत में काम कर रहे अपने 2 डिप्लोमैट्स हटाए, अब शेख हसीना का प्रत्यर्पण तय है?

कुछ रोज पहले ही बलोचिस्तान के ग्वादर में अज्ञात लोगों ने कई गाड़ियों में आग लगा दी थी. ग्वादर में ही पाकिस्तान का एक महत्वपूर्ण बंदरगाह है. इसके अलावा हाल ही में ही कुछ हमलावरों ने बोलन इलाके में एक रेलवे लाइन उड़ा दी थी और मस्तुंग में एक पुलिस स्टेशन पर भी हमला किया था. हालांकि इन हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ.

वीडियो: हिजबुल्लाह के ताबड़तोड़ हमले के बाद इजरायल में लगी इमरजेंसी, लेबनानी सीमा के समुद्री तट पूरी तरह से सील

Advertisement

Advertisement

()