"मेरे सीने पर बैठ गए और...", MLA ने जगन मोहन रेड्डी और दो IPS पर हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया
उंडी से विधायक के रघुराम कृष्ण राजू ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उन्हें 2021 में हैदराबाद में CID ने गिरफ़्तार किया था. उन्होंने जगन मोहन रेड्डी और अन्य अधिकारियों पर उनके ख़िलाफ़ आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगाया. राजू पहले YSR कांग्रेस पार्टी से ही जुड़े थे.

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री YS Jagan Mohan Reddy पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है. पूर्व CM के साथ-साथ दो वरिष्ठ IPS अधिकारियों सहित पांच लोगों के ख़िलाफ़ भी केस हुआ है. पुलिस ने बताया है कि यह मामला TDP विधायक की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है.
इंडिया टुडे से जुड़े अपूर्वा जयचंद्रन के इनपुट्स के मुताब़िक केस में पूर्व CM के अलावा IPS अधिकारी PV सुनील कुमार, PSR अंजनेयुलु, रिटायर्ड पुलिस अधिकारी आर विजय पॉल और गुंटूर ज़िला अस्पताल के सुपरिटेंडेंट रहीं जी प्रभावती का नाम शामिल है.
रिपोर्ट के मुताब़िक उंडी से विधायक के रघुराम कृष्ण राजू ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उन्हें 2021 में हैदराबाद में CID ने गिरफ़्तार किया था. उन्होंने जगन मोहन रेड्डी और अन्य अधिकारियों पर उनके ख़िलाफ़ आपराधिक साजिश रचने का आरोप लगाया. राजू पहले YSR कांग्रेस पार्टी से ही जुड़े थे. उन्होंने आरोप लगाया है कि गिरफ़्तारी के बाद उन्हें स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने पेश नहीं किया गया. यह भी दावा किया कि CID के पास ट्रांजिट गिरफ़्तारी वारंट नहीं था, और उन्हें गुंटूर में एजेंसी के दफ़्तर में शिफ्ट कर दिया गया.
राजू ने शिकायत में कहा है,
"14 मई, 2021 को मुझे बिना उचित प्रक्रिया के गिरफ़्तार कर लिया गया. मुझे धमकाया गया. अवैध रूप से पुलिस की गाड़ी के अंदर खींच लिया गया और उसी रात जबरन गुंटूर ले जाया गया."
राजू ने बताया कि PV सुनील कुमार, PSR अंजनेयुलु और अन्य पुलिस अधिकारियों ने ‘बेल्ट और डंडों से उनकी पिटाई की’ और उन्हें दिल की बीमारी की दवा भी नहीं लेने दी गई. राजू ने दावा किया कि अधिकारियों को पता था कि उनकी बाईपास हार्ट सर्जरी हुई है.
यह भी पढ़ें: जगन मोहन रेड्डी का पूरा ऑफिस गिरा दिया गया, पूर्व CM बोले- 'चंद्रबाबू नायडू का बदला शुरू... '
राजू ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ अधिकारी उनके सीने पर बैठ गए और उन्हें ‘जान से मारने की कोशिश’ की. उन्होंने कहा कि उनका फ़ोन छीन लिया गया और उन्हें तब तक पीटा गया जब तक उन्होंने उसका पासवर्ड नहीं बता दिया.
TDP विधायक ने कहा कि इसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर प्रभावती ने उनके साथ बुरा व्यवहार किया. उन्होंने दावा किया कि डॉक्टर ने पुलिस अधिकारियों के कहने पर फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट जारी किए. उन्होंने यह भी कहा कि PV सुनील कुमार ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की आलोचना की तो वे उन्हें जान से मार देंगे.
वीडियो: जगन मोहन रेड्डी के ट्रैप में फंसे चंद्रबाबू नायडू ने ये बड़ी गलती कर दी

