एमपी में दो महिलाओं पर पूरा ट्रक मुरम पलट दिया, खोदकर निकलना पड़ा
घटना मध्यप्रदेश के रीवा की है. वायरल वीडियो में एक महिला कमर तक और दूसरी महिला गर्दन तक मुरम के अंदर दबी हुई दिख रही है.

सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दो महिलाएं मुरम यानी मौरंग में दबी नज़र आ रही हैं. एक महिला कमर तक और दूसरी महिला गर्दन तक दबी हुई दिख रही है. मौके पर चीख-पुकार मची है. कुछ लोग महिलाओं को निकालने का प्रयास कर रहे हैं. वीडियो मध्यप्रदेश के रीवा का बताया जा रहा है.
पूरा मामला क्या है?शनिवार, 21 जुलाई को रीवा के हनौता कोठार गांव में दो महिलाओं आशा पांडेय और ममता पांडेय के ऊपर डंपर से मुरम डाल दिया गया था. पुलिस के मुताबिक मामला जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद से जुड़ा है. आशा पांडेय का उनके ससुर लगने वाले गौकरण पांडेय से साझे की जमीन को लेकर विवाद था.
जानकारी के मुताबिक गौकरण पांडेय और देवर विपिन पांडेय विवाद वाली जमीन पर सड़क बनवाने के लिए ट्रक से मुरम लेकर आए. आशा पांडेय अपनी देवरानी ममता पांडेय के साथ जाकर ट्रक ड्राइवर को मुरम गिराने से मना करने लगीं. लेकिन ड्राइवर ने उनकी बात नहीं सुनी और इसलिए दोनों महिलाएं ट्रक के पीछ मुरम गिराने वाली जगर पर बैठने लगीं. इसी बीच अचानक ट्रक ड्राइवर ने तेजी से उनके ऊपर मुरम गिरा दी. दोनों महिलाएं मुरम में दब गईं. महिलाएं मुरम में इस कदर दब गईं कि खुद से निकल नहीं पाईं. मौके पर मौजूद लोगों को कुदाल से मुरम खोदकर उन्हें बाहर निकालना पड़ा.
पुलिस ने क्या बताया?रीवा के SP विवेक सिंह ने बताया कि इस मामले में FIR दर्ज कर ली गई है. उनके मुताबिक आशा पांडेय के ससुर लगने वाले गौकरण पांडेय, देवर लगने वाले विपिन पांडेय और ट्रक ड्राइवर प्रदीप कोल को आरोपी बनाया गया है. एक आरोपी विपिन को हिरासत में ले लिया गया है, बाकी के दो आरोपियों की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें- बिहार: स्कूल जा रही छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न, जिंदा दफनाने की कोशिश
रीवा के SP ने कहा,
“थाना मनगवां के हिनौता कोठार गांव में एक पारिवारिक जमीन विवाद था. ये पांडे परिवार है. इसमें दोनों पक्ष से महिला-पुरुष एकत्रित थे. सड़क बनाने को लेकर उनके बीच विवाद हो रहा था. एक वीडियो जो वायरल हुआ है, जिसमें दो महिलाएं हैं, आशा पांडे और ममता पांडे, उनके ऊपर डंपर से मुरम गिरी है, जिसमें वो दब गई थीं. जैसे ही पुलिस को इसकी सूचना मिली, पुलिस ने FIR दर्ज की. भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 (गैर इरादतन हत्या की कोशिश) के तहत केस दर्ज किया गया है.”
SP के मुताबिक पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है. दोनों महिलाओं की हालत सामान्य है और उन्हें हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. महिलाओं को मौरंग में दबाने के वीडियो पर कहा जा रहा था कि महिलाएं आदिवासी हैं. वहीं पुलिस ने साफ किया है कि महिलाएं आदिवासी नहीं हैं. आपस में जमीन को लेकर विवाद करने वाला परिवार पांडेय परिवार है.
वीडियो: Hathras में जमीन पर बिखरी चप्पलें, Yogi सरकार से लोग पूछ रहे हैं ये सवाल

