अतीक अहमद और उसके भाई की मौत, पुलिस कस्टडी में हमला कर हत्या
अज्ञात हमलावरों ने दोनों को गोली मारी.

माफिया अतीक अहमद (Atiq Ahmed murder) और उसके भाई अशरफ की प्रयागराज में गोली मारकर हत्या हो गई है. यूपी पुलिस दोनों को मेडिकल के लिए ले जा रही थी, इसी दौरान उन पर हमला हुआ. जिसमें दोनों की मौत हो गई. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 3 युवकों ने अतीक और अशरफ को गोली मारी है. तीनों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. इस हमले के दौरान एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ है.
अतीक अहमद और अशरफ की हत्या के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डीजीपी और एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) को तलब किया है. अधिकारियों को सीएम आवास 5 कालिदास मार्ग बुलाया गया है. हत्या के बाद यूपी पुलिस की STF घटनास्थल पर पहुंची है.
अतीक और उसके भाई की हत्या तब हुई, जब दो दिन पहले ही उसके बेटे की झांसी में एक कथित एनकाउंटर के दौरान मौत हुई थी. यूपी पुलिस ने दावा किया था कि झांसी में असद और उसके सहयोगी गुलाम को एनकाउंटर में मार दिया गया.
उमेश पाल हत्याकांड की जांच में जुटी यूपी पुलिस अतीक अहमद और उसके भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी. प्रयागराज पुलिस दोनों को कौशांबी के पुरामुफ्ती थाने लेकर गई थी. उमेश पाल अपहरण मामले में अतीक अहमद को उम्रकैद की सजा हुई थी. 28 मार्च को कोर्ट ने उसके भाई अशरफ अहमद सहित सात आरोपियों को आरोपों से मुक्त कर दिया था.
13 अप्रैल को उमेश पाल हत्याकांड केस में कोर्ट में उसे पेश किया गया था. साथ ही उसके भाई खालिद आजिम उर्फ अशरफ की भी पेशी थी. मर्डर केस में अशरफ सहित अतीक के परिवार के कई सदस्य आरोपी हैं. अतीक और अशरफ को 26 अप्रैल तक प्रयागराज की नैनी जेल में रखा जाना था. 14 दिन की रिमांड खत्म होने के बाद अशरफ को बरेली जेल में और अतीक को साबरमती जेल में सुरक्षित पहुंचाया जाना था.
वीडियो: अतीक अहमद के अपराध और राजनीति की पूरी कहानी,क्या इस बड़े नेता ने उसे शह दिया?

