रेपिस्ट का लिंग काटा, कत्ल किया, 8 औरतों ने जमीन में गाड़ा
'मैंने उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया. मुझे लगा कि वह इससे मरेगा नहीं. लेकिन वह इसे झेल नहीं पाया और मर गया.'
Advertisement

Symbolic Image
रेप करने या ऐसी कोशिश करने वालों के साथ क्या सलूक किया जाए, यह दुनिया भर में एक बड़ी बहस है. कई बार विक्टिम पक्ष का गुस्सा इतना ज्यादा होता है कि कानूनी कायदे इंसाफ दिलाने के नाकाबिल मान लिए जाते हैं. तब अपराध के बदले एक और अपराध सामने आता है.
ऐसा हुआ है असम में. एक शख्स ने एक आदिवासी महिला से रेप की कोशिश की. महिला ने पहले उसका लिंग काट डाला और फिर उसे कत्ल कर दिया. अपनी 8 दोस्तों को बुलाकर लाश को गाड़ दिया.
घटना बिस्वनाथ चरियाली के भाराजुली गांव की है. महिला का नाम रीता ओरांग है. पुलिस ने रीता और उसके पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. मरने वाले की पहचान कृष्णा भूमिज के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि घटना 4 अप्रैल को ही हुई थी. लेकिन इसका पता 15 दिन बाद चला जब कृष्णा के घर वालों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
पुलिस को जांच करते हुए पता चला कि कृष्णा की हत्या की गई है. उसकी लाश मंगलवार रात खोदकर निकाली गई और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दी गई. पुलिस ने बताया कि कृष्णा एक क्रिमिनल था और दो केस में वॉन्टेड था.
इस तरह पुलिस रीता तक पहुंच गई. रीता ने बताया कि कृष्णा ने उससे और उसकी बेटी से रेप की कोशिश की थी. रीता ने पुलिस को बताया, 'मैंने उस पर कुल्हाड़ी से वार किया. वह पीठ के बल गिर गया. तब मैंने उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया. मुझे लगा कि वह इससे मरेगा नहीं. लेकिन वह इसे झेल नहीं पाया और मर गया.'
इसके बाद रीता ने 7 महिलाओं को बुलाया और उनकी मदद से लाश को गाड़ दिया. पुलिस बाकी महिलाओं के रोल पर भी विचार कर रही है.

.webp?width=60)

