अतीक के बेटे असद के एनकाउंटर पर समाजवादी पार्टी के नेता क्या बोल रहे?
झांसी में हुआ असद का एनकाउंटर. रामगोपाल यादव ने पहले क्या कहा था?

अतीक अहमद के बेटे और उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी असद अहमद को UP STF ने एनकाउंटर में मार दिया है. खबर के मुताबिक यूपी के झांसी में असद का एनकाउंटर हुआ है. पुलिस पिछले काफी समय से असद की तलाश में जुटी थी. असद पर 5 लाख रुपये का इनाम भी रखा गया था. खबर के मुताबिक असद के एक साथी शूटर गुलाम का भी एनकाउंटर हुआ है.
UP STF के एडीजी अमिताभ यश का कहना है कि दोनों के पास से विदेशी हथियार भी बरामद हुए हैं. इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी की तरफ से रिएक्शन सामने आया है. पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमीक जामेई ने ट्वीट कर लिखा,
‘एनकाउंटर न्याय नहीं होता...’
वहीं समाजवादी पार्टी के नेता IP Singh ने इस मामले को लेकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है. उन्होंने ट्वीट कर कहा,
'मोदी राज में न्यायपालिका में ताला बंद कर देना चाहिए. तालिबानी सत्ता धारी दल और उसकी पुलिस कानून अपने हाथ में लेकर फैसले ले रही है.'
वहीं पिछले महीने समाजवादी पार्टी के नेता प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने अतीक अहमद के बेटे के एनकाउंटर की जाने की बात कही थी. उन्होंने एक निजी चैनल से बात करते हुए कहा था
'प्रयागराज की घटना में असल आरोपी नहीं मिल रहे हैं. दबाव है कि मारो. जो पकड़ में आ जाएगा उसको मार देंगे. एक दो दिन में अतीक के किसी एक बेटे को यह सरकार मरवा देगी, आप देख लेना.'
UP STF के एडीजी अमिताभ यश के मुताबिक असद को जिंदा पकड़ने की कोशिश की गई थी और उससे सरेंडर करने को भी कहा गया था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया. पुलिस के मुताबिक एनकाउंटर करने वाली टीम का नेतृत्व डिप्टी एसपी नवेंदु और डिप्टी एसपी विमल कर रहे थे.
उमेश पाल हत्याकांडदरअसल 24 फरवरी को दिनदहाड़े प्रयागराज में राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या कर दी गई थी. उमेश पाल अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी गली के बाहर कार से उतरते वक्त उमेश पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी. बम भी फेंके गए. हमले में उमेश पाल के साथ-साथ उनके दो गनर्स की भी मौत हो गई थी. उमेश पाल की पत्नी ने इस मामले में अतीक, उसके भाई अशरफ और बेटे समेत 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया. प्रयागराज पुलिस इस मामले में अतीक के बेटे असद समेत पांच शूटरों की तलाश में जुटी थी.
इस हत्याकांड से पहले भी असद चर्चा में रहा है. आरोप है कि असद नाबालिग होते हुए स्कॉर्पियो चलाकर स्कूल गया था. साथ ही साल 2016 में जब वो महज नौ साल का था, तब उसने एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग भी की थी. असद लखनऊ की एमिटी यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई कर रहा था. और अब उसके एनकाउंटर की खबर सामने आई है.
वीडियो: अतीक अहमद के अपराध और राजनीति की पूरी कहानी,क्या इस बड़े नेता ने उसे शह दिया?

