The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Arrest warrant issued against Sapna Choudhary to be produced before Lucknow court

सपना चौधरी अरेस्ट होने वाली हैं! पैसा लेकर शो में नहीं गई थीं

जेल करावेगी रे छोरी, जेल करावेगी

Advertisement
pic
23 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 23 अगस्त 2022, 09:34 AM IST)
Arrest warrant issued against Haryanvi singer and dancer Sapna Choudhary
सपना चौधरी (फाइल फोटो: पीटीआई)
Quick AI Highlights
Click here to view more

मशहूर हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी (Sapna Choudhary) के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है. उन्हें लखनऊ की एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (ACJM) कोर्ट के सामने पेश होने के लिए कहा गया है. इससे पहले सपना के खिलाफ नवंबर, 2021 में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. इस मामले में अब अगली सुनवाई 30 अगस्त को होगी. 

कोर्ट का आदेश- सपना चौधरी को गिरफ्तार कर पेश किया जाए

आजतक के आशीष श्रीवास्तव की रिपोर्ट के मुताबिक, एसीजेएम कोर्ट ने आदेश में साफ कहा है कि सपना चौधरी को गिरफ्तार कर पेश किया जाए. सपना चौधरी के खिलाफ अक्टूबर, 2018 में लखनऊ के आशियाना पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी. उन पर एक डांस शो के लिए पैसा लेने के बाद कार्यक्रम में न आने का आरोप लगा था. 

सपना चौधरी पर पैसे लेकर शो में न पहुंचने का आरोप

ये पूरा मामला साल 2018 का है. जानकारी के मुताबिक 13 अक्टूबर, 2018 को दोपहर तीन बजे से रात 10 बजे तक लखनऊ के स्मृति उपवन में सपना चौधरी के डांस शो समेत दूसरे कार्यक्रम थे, जिसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकट 300 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से बेचे गए थे. 

शो आयोजकों का कहना था कि सपना चौधरी ने डांस शो के नाम पर लाखों रुपए लिए थे. उसके बाद वो कार्यक्रम में नहीं आईं और शो रद्द करना पड़ा था. आयोजकों ने सपना पर रकम हड़पने का आरोप लगाया था. 

कार्यक्रम देखने पहुंचे थे हजारों लोग

इस कार्यक्रम को देखने के लिए हजारों की संख्या में टिकट लेकर लोग मौजूद थे, लेकिन सपना चौधरी रात 10 बजे तक नहीं आईं. इस पर दर्शकों ने काफी हंगामा किया था. ऐसा बताया जाता है कि दर्शकों को टिकट के पैसे भी वापस नहीं किए गए.

रिपोर्ट्स के मुताबिक सपना चौधरी ने कोर्ट में अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने की भी अपील की थी, जिसे खारिज कर दिया गया था. अब सपना सहित अन्य सभी आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में सुनवाई होनी है.

वीडियो- सपना चौधरी पर 4 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप किसने लगाया?

Advertisement

Advertisement

()