'सलमान सर मैंने आपकी बेइज्जती नहीं की, 'सुल्तान' से मेरा गाना मत हटाइए'
सिंगर अरिजित सिंह ने सलमान को Facebook पर लिखा SORRY, फिर डिलीट कर लिया.
Advertisement

फोटो - thelallantop
Quick AI Highlights
Click here to view more
'मैं जानता हूं कि इसका आप पर कोई असर नहीं होगा, मिस्टर सलमान खान. लेकिन मुझे ये कहना जरूरी था.'फिल्म इंडस्ट्री में अंदरखाने इतने विवाद, इतनी नाराजगियां चलती रहती हैं कि कोई अंदाजा नहीं लगा सकता. किसने किस पार्टी में किसके कान उमेंठे, यह जिंदगी भर की बात हो जाती है. और अगर एक तरफ सलमान खान हों तो कहते हैं कि सामने वाले को करियर में इसका नुकसान झेलना पड़ता है. आज कल के सबसे पॉपुलर सिंगर अरिजित सिंह ने सलमान खान से पब्लिकली माफी मांगकर सबको चौंका दिया है. अरिजित ने फेसबुक पर पोस्ट लिखकर सलमान खान से माफी मांगी है. उनका कहना है कि सलमान को ऐसा लगा कि मैंने कहीं पर उनकी बेइज्जती की है. वे इस बात से नाराज हैं और इसलिए उन्होंने 'सुल्तान' फिल्म से उनका गाया गाना हटवा दिया है. इसलिए अरिजित ने उन्हें फेसबुक पर 'सॉरी' कहा है और खुद को उनका बड़ा फैन बताया है. ये मसला दरअसल किसी शो का है, जिसे अरिजित ने साफ-साफ नहीं लिखा है. कहा जा रहा है कि अरिजित और सलमान के बीच हल्की-फुल्ही बहस 2014 में हुए स्टार गिल्ड अवॉर्ड के दौरान हुई थी. इस अवॉर्ड फंक्शन में अरिजित को आशिकी-2 के लिए बेस्ट सिंगर का अवॉर्ड मिला था. अवॉर्ड फंक्शन को सलमान और रितेश देशमुख होस्ट कर रहे थे. अरिजित अलसाए हुए से स्टेज पर आते हैं, उसके बाद दोनों के बीच कुछ बातें हुईं. सलमान खान: सो गए थे? अरिजित: आप लोगों ने सुला दिया था तब से. सलमान खान: इसमें हमारा कोई दोष नहीं है. ऐसे गाने बजते रहेंगे.
(इसके बाद सलमान अरिजीत सिंह के गाए गाने 'तुम ही हो' की टोन में गाते हैं.. दारा रा रा.. दारा रा रा. और कहते हैं, 'इसमें तो नींद ही आएगी.')अरिजित: डेफेनेटिली सलमान खान: सुनो दो. हमको भी सिखाओ.
इसके बाद अरिजित 'क्योंकि तुम ही हो' गाना गाते हैं. सलमान अरिजित के पीछे-पीछे गाते हैं.सलमान खान: वैरी गुड, यू डिजर्व दिस अवॉर्ड. हालांकि बैक स्टेज क्या बात हुई, इस बारे में कोई जानकारी नहीं है. पर ऑन कैमरा सलमान और अरिजित के बीच जो बहस हुई थी, वो यही है. देखिए वीडियो.. https://youtu.be/mCFl_BNT6Xw?list=PLMymQAN3VhbQ3KvSz4W1pYqBi_CzMf18A&t=83 फेसबुक पर माफीनामा लगाने के कुछ देर बाद अरिजित ने उसे डिलीट भी कर लिया. इसके बाद उन्होंने एक और पोस्ट किया, जिसमें लिखा, 'मैं उम्मीद करता हूं कि उन्हें किसी जरिये मेरी चिट्ठी मिल जाएगी. ये सब कुछ मुझ पर ही बैकफायर करेगा, मैं जानता हूं. प्रार्थनाएं.'
अरिजित सिंह का सलमान को माफीनामा, जिसे उन्होंने बाद में डिलीट कर लिया
डियर मिस्टर सलमान खान, आपसे बात करने का ये आखिरी तरीका बचा है मेरे पास. मैं आपको मैसेज करने और कॉल करके बताने की कोशिश कर रहा हूं कि आपको गलतफहमी हुई है कि मैंने कभी आपकी बेइज्जती की. मैंने ऐसा कभी नहीं किया. शो में उस रात वह गलत मौका था और गलत 'ऑरा' था. लेकिन आपको 'इंसल्टेड' महसूस हुआ. मैं समझ गया हूं. मैं और मेरी फैमिली आपके पुराने फैन रहे हैं और मैं आपसे माफी चाहता हूं. मैंने कई बार ये सब समझाने की कोशिश की, लेकिन आपने कभी समझा नहीं. मैंने माफी मांगी, लेकिन आप नहीं समझे. मैंने कितनी बार आपको 'सॉरी' के मैसेज भेजे, आप जानते हैं. नीता जी के यहां मैं आपसे माफी मांगने ही लौटा था, लेकिन आपने नहीं समझा. कोई बात नहीं. मैं यहां सबके सामने माफी मांगता हूं. लेकिन प्लीज रिक्वेस्ट है कि फिल्म 'सुल्तान' से वो गाना मत हटवाइए, जो मैंने आपके लिए गाया था. आप उस गाने को किसी और से गवाना चाहते हैं, अच्छी बात है. लेकिन कम से कम मेरा वर्जन भी रख लीजिए. मैंने बहुत गाने गाए हैं सर. लेकिन मैं अपनी लाइब्रेरी में आपके लिए कम से कम एक गाने के साथ रिटायर होना चाहता हूं. प्लीज मुझसे ये फीलिंग मत छीनिए. मुझे नहीं पता कि मैं ये क्यों कर रहा हूं. मैं इसके नतीजे जानता हूं. लोग (इस बारे में) अपना दिल, दिमाग और सारे भावों से लिखने वाले हैं. मैं ये भी जानता हूं कि आपको इसका असर नहीं होगा, मिस्टर सलमान खान. फिर भी मुझे लगता है कि यह कहना जरूरी था. इतना सब होने के बाद मुझे इस चीज के साथ जीना होगा कि आपने मुझे आपके लिए नहीं गाने दिया, इतने सारे लोगों की रिक्वेस्ट के बावजूद. लेकिन मैं फैन रहूंगा भाईजान. जग घुमेया थारे जैसा ना कोई. योर्स ट्रूली अरिजित सिंह लेट देयर बी लाइट


