वैलेंटाइन डे पर प्रपोजल एक्सेप्ट नहीं किया तो साथ पढ़ने वाली छात्रा को चाकू मारा, तेजाब फेंका
Acid Attack: युवक ने Valentine's Day के दिन प्रपोजल ठुकराए जाने पर युवती के ऊपर चाकू से हमला किया और फिर उसके ऊपर एसिड फेंक दिया. युवती स्नातक की छात्रा है. आरोपी की पहचान युवती के कॉलेज सहपाठी के रूप में हुई है.

वैलेंटाइन डे के दिन प्रपोजल ठुकराए जाने पर एक युवक को युवती की नामंजूरी बर्दाश्त नहीं हुई. पहले तो युवक ने युवती के ऊपर चाकू से हमला किया और फिर उसके ऊपर तेजाब फेंक दिया (Acid Attack on Valentine Day). इलाज के लिए पीड़िता को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामला आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले का है. युवती स्नातक की छात्रा है. आरोपी की पहचान युवती के कॉलेज सहपाठी के रूप में हुई है.
CM नायडू ने की हमले की निंदाइंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पूरा मामला अन्नामय्या जिले के गुर्रमकोंडा मंडल के पेरमपल्ली क्षेत्र का है. ये मामला सामने आने के बाद आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री समेत कई मंत्रियों ने हमले की कड़ी निंदा की है. CM एन चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा,
‘सरकार पीड़िता के लिए सबसे अच्छा और हर संभव इलाज सुनिश्चित करेगी और उसे और उसके परिवार को पूरी सहायता प्रदान करेगी.’
वहीं, मानव संसाधन एवं आईटी मंत्री ‘नारा लोकश’ ने पीड़िता के पिता से मुलाकात की और इस मामले की जानकारी ली. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा,
‘हम अपनी बहन के ठीक होने के लिए सबसे अच्छा इलाज सुनिश्चित करेंगे. मैं अपनी बहन के साथ खड़ा हूं. एसिड अटैक की इस घटना ने मुझे बहुत परेशान कर दिया है. हमलावर को कड़ी सजा मिलेगी. ऐसे लोगों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.’
उन्होंने अस्पताल में मौजूद मंत्री ‘मंदुपल्ली रामप्रसाद’ से कोर्डिनेट किया और उन्हें पीड़िता के इलाज की निगरानी करने और सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए. लोकेश ने कानूनी एजेंसियों से भविष्य में ऐसे अपराधों को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करने की अपील की.
ये भी पढ़ें: एसिड अटैक पर कानून है, बड़ी-बड़ी बातें हैं, लेकिन आरोपियों को सजा क्यों नहीं मिलती?
विपक्ष ने साधा निशानाइस पूरे मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री YSRCP अध्यक्ष वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह सरकार की विफलता है और ऐसी घटनाएं लापरवाही के कारण हो रही हैं. उन्होंने सरकार से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की.
साथ ही, पूर्व CM जगन रेड्डी ने अधिकारियों से पीड़िता के लिए सबसे अच्छा इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और उनके परिवार की सहायता करने की अपील की. उन्होंने आंध्र प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाने की भी मांग की.
वीडियो: एसिड अटैक झेला, फिर बनीं डीएम


