सोया कैब ड्राइवर, खुद ड्राइव करके घर पहुंची सवारी
ड्राइवर को पइसे दिए. लेकिन ऊबर कैब वालों से शिकायत की तो वो उल्टा ज्ञान देने लगे. इस बंदे की भलमानता आपको पढ़नी चाहिए.
Advertisement

picture credit: Reuters
Quick AI Highlights
Click here to view more
ईशान गिल को दिल्ली से अपने घर गुड़गांव जाना था. बहुत रात हो रही थी. सेफली और जल्दी पहुंचने के लिए हम सब कैब का इस्तेमाल करते हैं. ईशान ने भी वही किया. ऐप यूज करके ऊबर वालों से कैब मंगवाई. कैब आई.
कैब में बैठ कर ईशान को लगा कि ड्राइवर गाड़ी चलाते-चलाते झपकियां ले रहा है. ईशान ने 2-3 बार उससे पूछा भी. ड्राइवर बोला कि सब ठीक है, कुछ नहीं हुआ. फिर भी ईशान थोड़ा सा सतर्क हो गया. लेकिन फिर अपने मोबाइल में बिजी हो गया. साकेत से जब वो लोग थोड़ा आगे बढ़े. ईशान ने एकदम से मोबाइल से नज़र उठाई. रोड पर देखा तो लगा कि उनकी गाड़ी एक खंभे से टकराने ही वाली थी.
चिल्लाकर ईशान ने ड्राइवर को झंझोड़ा. ड्राइवर से कहा, 'गाड़ी साइड में ले ले.' देखा तो ड्राइवर गहरी नींद में सो चुका था.ईशान को समझ नहीं आया क्या करें. ड्राइवर ने नींद में ही ब्रेक मार दिया था. गाड़ी रुक चुकी थी. लेकिन ड्राइवर सो रहा था. काफी देर तक ईशान ने उसको जगाने की कोशिश की. बहुत देर बाद उसकी नींद खुल गयी.
माफ़ी मांगने लगा. बोला 'सर, देर तक जगे रहने के लिए गोलियां खायीं थीं. अब चक्कर आ रहा है. अब ड्राइव नहीं किया जा रहा.'ईशान के पास ड्राइविंग लाइसेंस था. उसने ड्राइवर से कहा कि वो खुद ही गाड़ी चला कर अपने घर तक ले जाएगा. ड्राइवर मान गया. उसको 'थैंक यू' भी बोलने लगा. ईशान जैसे ही ड्राइवर सीट पर आया, ड्राइवर फिर से गहरी नींद सो गया. गाड़ी ले जा कर ईशान ने अपनी बिल्डिंग के गेट के अन्दर ही खड़ी कर दी. पेमेंट करने के लिए मीटर देखा तो 500 से कुछ कम किराया हुआ था. ड्राइवर को पैसा देने के लिए जगाया तब भी उसकी नींद नहीं खुली. लास्ट में ईशान ने उसकी जेब में 500 की नोट डाल दी. रात भर ड्राइवर वहीं अपनी कैब में सोया. ईशान ने अपनी बिल्डिंग के गार्ड को बोल दिया कि ड्राइवर का ज़रा ध्यान रखे. फिर ऊबर ऐप पर रिव्यू में अपनी पूरा कहानी लिख डाली. उसके बाद उनके पास ऊबर से फ़ोन और मेसेज आ रहे हैं कि उनको खुद गाड़ी ड्राइव नहीं करनी चाहिए थी. फिर से बुकिंग कर के अगली कैब का वेट करना चाहिए था. लेकिन ईशान को इस बात पर बहुत गुस्सा आया. उन्होंने कंपनी वालों को काफी सुनाया. अब ऊबर वाले ईशान को 500 रुपये वापस देने की बात कर रहे हैं.

