खालिस्तानी अमृतपाल को पुलिस ने दिया वो झटका, जो वो हजम नहीं कर पाएगा!
दिल्ली और पंजाब पुलिस ने मिलकर पकड़ा अमृतपाल का राइट हैंड.

अमृतपाल सिंह का साथी और सलाहकार पप्पलप्रीत अरेस्ट हो गया है. दिल्ली और पंजाब पुलिस ने मिलकर उसे पंजाब के होशियारपुर से गिरफ्तार किया है (Amritpal Singh close aide Pappalpreet Arrested). पप्पलप्रीत सिंह को अमृतपाल का मेन हैंडलर बताया जाता है. अमृतपाल भी उसे अपना मेंटर मानता है.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब पुलिस को जांच में पता चला कि अमृतपाल सिंह और पापलप्रीत सिंह अलग-अलग जगहों पर छिप रहे थे. दोनों ने जालंधर, होशियारपुर और अमृतसर जिलों और उसके आसपास के इलाकों में शरण ली थी. वो फगवाड़ा कस्बे के तीन अलग-अलग डेरों, नादलोन गांव और बीबी गांव में रुके थे.
खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह के फरार होने के समय से ही पप्पलप्रीत साये की तरह उसके साथ था. वो दोनों लगातार अपनी लोकेशन बदलते थे. अलग-अलग जगहों से सामने आए सीसीटीवी में भी पप्पलप्रीत भगोड़े अमृतपाल के साथ दिखा था. खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, पप्पलप्रीत पंजाब में खालिस्तान का माहौल खड़ा करने के लिए ISI के सीधे संपर्क में था और राज्य में आतंकवाद फैलाने की साजिश में जुटा था.
कौन है पप्पलप्रीत सिंह?इंडिया टुडे से जुड़े कमलजीत की रिपोर्ट के मुताबिक पप्पलप्रीत सिंह अमृतपाल का बेहद खास आदमी है. उसका ‘मेन कंट्रोलर’ है. पूर्व में पप्पलप्रीत पत्रकार रहा है. अमृतपाल को उस पर इतना भरोसा है कि उसकी गतिविधियों के पीछे चलने वाला दिमाग पप्पल का ही रहता है. पंजाब पुलिस अमृतपाल को तो नहीं पकड़ पाई, लेकिन पप्पलप्रीत को उसने दबोच लिया है.
पहले कई सीसीटीवी फुटेज से पता चला था कि बाइक से अमृतपाल को भगाने वाला शख्स पप्पलप्रीत ही था. दोनों बजाज प्लेटिना मोटरसाइकल पर दिखे थे.
पुलिस सूत्रों ने बताया था कि फरवरी महीने में पप्पलप्रीत सिंह के समर्थकों की पुलिस से हिंसक झड़प हो गई थी. उसके बाद वो पुलिस के रडार पर आया. इसके बाद 17 मार्च को पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह के सहयोगियों और समर्थकों की धरपकड़ शुरू की. दो दिन में 112 लोगों को धर लिया गया. फिर 18 मार्च को अमृतपाल अंडरग्राउंड हो गया. उस दिन सुबह उसे जालंधर के एक टोल बूथ के पास मारुति ब्रेजा कार में देखा गया था. उससे पहले वो मर्सडीज एसयूवी चला रहा था जो बाद में शाहकोट इलाके के एक गांव से बरामद हुई थी. अब खबर पप्पलप्रीत के पकड़े जाने की आई है. माना जा रहा है ये कदम पुलिस को अमृतपाल के और करीब ले गया है.
वीडियो: अमृतपाल सिंह को बाइक पर लेकर भागता पप्पलप्रीत सिंह का पिछला बैकग्राउंड हैरान कर देगा!

.webp?width=60)

