बंगाल में अमित शाह बोले- कोरोना खत्म होते ही CAA लागू करेंगे, ममता ने कहा, फालतू मत बोलिए
शाह ने की कटमनी की बात, तो ममता बोलीं- ये लोग पॉकेटमारी में शामिल

पश्चिम बंगाल (West Bengal) गुरूवार, 5 मई को राजनीति के केंद्र में रहा. हुआ ये कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल पहुंचे. यहां उन्होंने सिलीगुड़ी में एक जनसभा की, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने ममता बनर्जी पर कटमनी और भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कराने का आरोप लगाया. शाह ने CAA को लेकर भी बड़ा बयान दिया. शाह के आरोपों पर ममता ने भी पलटवार किया और कई सवाल उठाए.
CAA पर वार-पलटवारआजतक की रिपोर्ट के मुताबिक अमित शाह ने CAA को लेकर ममता बनर्जी को चेतावनी देते हुए कहा कि केंद्र इसे जल्द लागू करेगा. शाह ने कहा,
'तृणमूल कांग्रेस समझती है कि CAA जमीन पर लागू नहीं होगा. हम बता दें कि कोरोना काल खत्म होते ही CAA को जमीन पर लागू करेंगे. CAA वास्तविकता था, है और रहेगा. ममता दीदी आपकी पार्टी उत्तर बंगाल की जनसांख्यिकी को बदलना चाहती है. हम ऐसा होने नहीं देंगे.'
#WATCH TMC is spreading rumours about CAA that it won't be implemented on ground, but I would like to say that we'll implement CAA on ground the moment Covid wave ends...Mamata Didi wants infiltration...CAA was, is & will be a reality:Union Home minister Amit Shah in Siliguri, WB pic.twitter.com/E1rYvN9bHM
— ANI (@ANI) May 5, 2022
ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर CAA को लेकर शाह के बयान का जवाब दिया. ममता ने कहा,
कटमनी पर शाह-ममता आमने-सामने'सीएए आपका प्लान है, जो कि लैप्स हो गया है. लेकिन अगर यही उनकी योजना है तो वो संसद में इस बिल पर बहस क्यों नहीं करते, वो 2024 में वापस सत्ता में नहीं लौट रहे हैं. मैं नहीं चाहती कि किसी के नागरिकता के अधिकारों को कोई नुकसान पहुंचे. वो एक साल बाद यहां आए हैं और फालतू की बात कर रहे हैं. जिन लोगों के वोटों से ये लोग गृहमंत्री और प्रधानमंत्री बन गए, क्या वे लोग अब नागरिक नहीं हैं. मैं आपका (अमित शाह का) नागरिक के रूप में सम्मान करती हूं. हालांकि, आपके बारे में बहुत सी बातें मुझे पता हैं.'
अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस पर कटमनी और सिंडिकेट राज का आरोप लगाया. उन्होंने बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ हिंसा का आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल में कानून का राज नहीं है. उन्होंने कहा,
'हमने सोचा था कि ममता बनर्जी तीसरी बार जीती हैं तो शायद सुधर जाएंगी, लेकिन कुछ नहीं बदला. ममता दीदी को आपने 3 बार चुना, उसके बाद भी आप नहीं सुधर रही हैं. ममता दीदी जब तक बंगाल की जनता पर अत्याचार, भ्रष्टाचार, कटमनी और सिंडिकेट का राज खत्म नहीं करेंगी, तब तक भाजपा अपनी लड़ाई चालू रखेगी.
बंगाल चुनाव 2021 के नतीजों के बाद भड़की हिंसा का भी शाह ने जिक्र किया. उन्होंने कहा,
'चुनाव के बाद बंगाल में जो हिंसा हुई, उसके बाद ह्यूमन राइट कमीशन ने भी माना कि बंगाल में कानून का राज नहीं है, बल्कि यहां जो सत्ता में है, उनकी इच्छा का राज है. ममता दीदी को यह नहीं सोचना चाहिए कि भाजपा वापस नहीं लड़ेगी. मेरे कार्यकर्ताओं डरना मत, हम अंत तक लड़ेंगे.'
शाह के कटमनी के आरोपों पर ममता ने पलटवार किया और बीजेपी को ही पॉकेटमारी में शामिल पार्टी बता दिया. उन्होंने कहा,
वे कटमनी के बारे में बात कर रहे हैं? ये लोग पॉकेटमारी में शामिल हैं. सीपीएम बीजेपी की लिंकमैन है. ये टुकड़े करने में विश्वास रखते हैं. ये हिंदू और मुसलमानों को बांटना चाहते हैं. गृह मंत्री होने के नाते उन्होंने केवल ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग किया है. वह दिल्ली दंगे को बंगाल में लाना चाहते हैं.
अमित शाह की बीजेपी कार्यकर्ताओं से आखिर तक लड़ते रहने की अपील पर ममता ने तंज कसा. उन्होंने कहा,
बीजेपी हर रोज लड़ रही है. अमित शाह से पूछो कि दिल्ली, यूपी और एमपी में क्यों नहीं देखते हैं. वह गृह मंत्री हैं. उन्होंने देश में क्या किया है?
The Home Minister (Amit Shah) should see what happened in Delhi's Jahangirpuri, Uttar Pradesh and in Madhya Pradesh, not worry about Bengal. BJP's work is to create divisiveness. What has he done as HM? They did violence even on the day of Eid: West Bengal CM Mamata Banerjee pic.twitter.com/1YHzqt2OJu
— ANI (@ANI) May 5, 2022
ममता बनर्जी ने बंगाल के सीएम के तौर पर अपने तीसरे कार्यकाल का एक साल पूरा किया है. इसी मौके पर उन्होंने गुरूवार, 5 मई को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें अमित शाह के आरोपों का भी जवाब दिया. इस दौरान ममता ने बंगाल के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर उन्होंने सीएम रहते कोई गलती की है, तो उन्हें माफ़ कर दें.
वीडियो: तारीख- कारगिल वॉर में सीने में लगी गोली लेकिन लड़ना नहीं छोड़ा

