The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • american justice department fbi searched private residence of president joe biden in connection of classified documents

राष्ट्रपति के घर छापा पड़ गया, जानिए मामला क्या है

13 घंटे चली तलाशी.

Advertisement
pic
22 जनवरी 2023 (अपडेटेड: 22 जनवरी 2023, 07:21 PM IST)
joe biden
राष्ट्रपति जो बाइडन का निजी घर. (क्रेडिट-रॉयटर्स)
Quick AI Highlights
Click here to view more

छापा पड़ा है, किसी ऐसे-वैसे व्यक्ति के घर नहीं बल्कि दुनिया के सबसे ताकतवर व्यक्ति के घर. हम बात कर रहे हैं अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन की. घटना है 20 जनवरी की. न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक ये रेड डाली थी अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट ने. ये छापा उस समय पड़ा जब बाइडन और उनकी पत्नी घर पर नहीं थे. यहां एक और बात आपको बता दें कि ये छापा व्हाइट हाउस पर नहीं बल्कि बाइडन के निजी आवास पर पड़ा है. वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक लगभग 13 घंटे चली तलाशी के बाद बाइडन के घर से 6 खुफिया फाइलें जब्त की गई हैं.

हाथ से लिखे नोट्स भी बरामद किये गए 

रेड में मिली फाइलें में से कुछ फाइल तब की हैं जब बाइडन सीनेटर हुआ करते थे. वहीं कुछ फाइलें तो 8 साल पहले की हैं जब बाइडन उप-राष्ट्रपति थे. इससे भी ज्यादा चौकाने वाली ये है कि ये दूसरी बार है जब बाइडन के घर पर छापा पड़ा है. इससे पहले पड़े छापे के दौरान अधिकारियों को कुछ नहीं मिला था. वहीं इस बार उन्हें 6 फाइलें और बाइडन के हाथ से लिखे गए कुछ नोट्स भी बरामद हुए हैं. 20 जनवरी को सुबह 9 बजकर 45 मिनट से शुरू हुई रेड रात साढ़े 10 बजे तक चली. इस दौरान बाइडन के घर के लिविंग रूम से लेकर गैराज तक हर हिस्से की तलाशी ली गई.

बाइडन बोले- कोई अफसोस नहीं 

वहीं छापा पड़ने से एक दिन पहले यानी 19 जनवरी को राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा था कि उन्हें फाइलें मिलने का कोई अफसोस नहीं है. बाइडेन ने आगे कहा, 

“जैसे ही हमें पता चला कि कुछ फाइलें गलत जगह पर हैं, हमने उन्हें आर्काइव सेक्शन और जस्टिस डिपार्टमेंट को सौंप दिया.”

वहीं उनके वकील बॉब बॉयर का कहना है कि बाइडन ने खुद जस्टिस डिपार्टमेंट के अधिकारियों को दोबारा घर की तलाशी के लिए बुलाया था. और तलाशी के दौरान व्हाइट हाउस का एक अधिकारी वहां मौजूद था. बाइडन के इस बयान पर रिपब्लिकन पार्टी ने उनकी कड़ी आलोचना की थी.

अब बताते हैं कि ये छापा पड़ा क्यों था. दरअसल अमेरिका में कार्यकाल खत्म होने के बाद गोपनीय फाइलें और डॉक्यूमेंट्स अपने पास रखना गैर कानूनी है. बाइडन के निजी ऑफिस से पिछले साल नवंबर महीने में 20 फाइल्स बरामद की गई थीं जिसके बाद उनके घर पर दो बार छापे पड़े. बाइडन का कहना है कि उन्हें नहीं पता है कि इन फाइलों में क्या है. वहीं दूसरी ओर CNN और न्यूयॉर्क टाइम्स का कहना है कि ये फाइलें उस समय की हैं जब बाइडेन अमेरिका के उप राष्ट्रपति थे और  पहली 10 फाइलों के सेट में यूक्रेन, ईरान और ब्रिटेन से जुड़ी कुछ खुफिया जानकारियां हैं.  यही नहीं CNN का ये भी दावा है कि इन फाइलों में 2015 में हुई बाइडेन के बेटे बीयू बाइडेन की मौत की जानकारियां भी शामिल हैं.

वीडियो: दुनियादारी: US राष्ट्रपति जो बाइडन के ख़िलाफ़ किसने जांच बिठा दी, पूरी कहानी क्या है?

Advertisement

Advertisement

()