The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • america miami flight pilot heart attack, Ivan Andaur collapses and dies in toilet onboard Boeing 787 going to Chile

यात्रा 8 घंटे की थी, लगे दो दिन, पायलट को आया हार्टअटैक, जानते हैं को-पायलट ने क्या किया?

दूसरे पायलट ने समझदारी से काम लिया, लेकिन वो अपने साथी की जान नहीं बचा पाए

Advertisement
pic
18 अगस्त 2023 (अपडेटेड: 18 अगस्त 2023, 08:46 AM IST)
america miami flight pilot heart attack
विमान के एक पायलट इवान एंडोर (दाएं) की हार्टअटैक से मौत हो गई (बायीं ओर प्रतीकात्मक फोटो)
Quick AI Highlights
Click here to view more

अमेरिका के शहर मियामी से चिली की राजधानी सैंटियागो तक का सफर एक विमान लगभग 8 घंटे में पूरा करता है. ऐसा ही एक विमान 13 अगस्त (रविवार) को मियामी से उड़ा. विमान के 271 लोग अपनी मंज़िल तक पहुंचे 15 अगस्त को. यानी मंगलवार को. बीच में कुछ ऐसा हुआ, जो सुन आपको और हैरानी होगी, और दुख भी. ऐसा हुआ क्या था? हाईजैक? बम की धमकी? प्राकृतिक आपदा?

इनमें से कुछ भी नहीं. दक्षिण अमेरिका की सबसे बड़ी एयरलाइन्स लाटम (LATAM Airlines) का एक विमान मियामी से उड़ा. लगभग 2 घंटे की यात्रा सामान्य रही. यानी एक चौथाई रास्ता कवर कर लिया गया था. पायलट अपनी सीट से उठे और टॉयलेट गए. फिर नहीं निकले. थोड़ी देर के इंतज़ार के बाद पता चला कि पायलट को हार्टअटैक आ गया था. वो बाथरूम में गिर पड़े. वहीं उनकी मौत हो गई. फ्लाइट के दो को-पायलट्स ने मौके की नज़ाकत को देखते हुए पनामा में फ्लाइट की आपातकालीन लैंडिंग कराई.  

विमान की लैंडिंग होते ही यात्रियों में शामिल डॉक्टर्स और उनके साथ इसाडोरा नाम की एक नर्स पायलट की मदद के लिए तुरंत दौड़ पड़ीं. इसाडोरा ने बताया कि पायलट को बचाने के लिए क्रू मेंबर ने हर संभव कोशिश की. हालांकि, मेडिकल टीम के पास उन्हें बचाने के लिए जरूरी दवाएं और मेडिकल उपकरण नहीं थे.

समाचार पत्र इंडिपेंडेंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक एक यात्री ने बताया कि उड़ान के लगभग 40 मिनट बाद ही एक को-पायलट ने विमान में मौजूद सभी डॉक्टर्स से मदद का अनुरोध किया था. हालांकि, कोई मदद नहीं मिली और पायलट की हालत बिगड़ती चली गई. थोड़ी देर बाद वो बाथरूम गए, तब उन्हें हार्टअटैक पड़ गया.

पायलट को बचाने की किस तरह कोशिश की गई?

पीआर एजेंसी माय पब्लिसिस्ट की फेसबुक पोस्ट के मुताबिक, सैंटियागो जाने वाली LATAM एयरलाइंस की फ्लाइट के 56 साल के पायलट इवान एंडोर को रात लगभग 11 बजे गंभीर कार्डियक अरेस्ट हुआ. इस वजह से मियामी से उड़ान भरने के दो घंटे बाद ही पनामा सिटी के टोकुमेन अंतराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान की आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी. हालांकि, वहां के मेडिकल स्टाफ ने तुरंत पायलट को अपनी मेडिकल सर्विस दी.

पनामा में लैंडिंग के बाद इस विमान के सभी यात्रियों को पनामा शहर के होटल्स में ठहराया गया. विमान लैंडिग के बाद कई घंटों तक पनामा एयरपोर्ट पर रुका रहा. पायलट की मौत पर एयरलाइंस ने शोक जताया. इसके बाद मंगलवार 15 अगस्त को सारे यात्रियों को चिली पहुंचा दिया गया.

इंडिगो के पायलट की मौत

ऐसी ही एक घटना भारत में भी सामने आई है. नागपुर से पुणे जाने वाली फ्लाइट के पायलट की नागपुर एयरपोर्ट पर मौत हो गई. आजतक से जुड़े योगेश पांडे की रिपोर्ट के मुताबिक पायलट विमान को नागपुर से पुणे ले जाने के लिए तैयार था. बोर्डिंग गेट के पास ही पायलट को हार्ट अटैक आ गया. वो ज़मीन पर गिर गए. एयरपोर्ट के ग्राउंड स्टाफ की मदद से पायलट को अस्पताल ले जाया गया. यहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मृतक का नाम कैप्टन मनोज बालासुब्रमण्यम है. 40 साल के मनोज की मौत का प्राथमिक कारण हार्टबीट का रुकना माना जा रहा है. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगी. मनोज का पोस्टमार्टम नागपुर के सरकारी मेडिकल अस्पताल में किया जा रहा है. वे तमिलनाडु के रहने वाले थे. 

वीडियो: अमेरिका जा रहे एयर इंडिया के विमान को रूस में क्यों उतरना पड़ा, फंसे यात्रियों ने क्या बताया?

Advertisement

Advertisement

()