अंबानी एशिया में सबसे अमीर, अडाणी का रैंकिंग में क्या हाल हुआ?
जनवरी में अडाणी दुनिया में दूसरे नंबर पर थे. और अब?

दुनिया के सबसे अमीर शख्सियतों में मुकेश अंबानी(Mukesh Ambani) एक और पायदान चढ़ गए हैं. फोर्ब्स की नई लिस्ट के मुताबिक अंबानी अब एशिया के सबसे अमीर शख्स हैं. और अगर बात विश्व में अमीरों की करें तो अंबानी 9वें नंबर पर पहुंच गए हैं. मुकेश अंबानी की मौजूदा संपत्ति 83.4 बिलियन डॉलर आंकी गई है. यानी भारत की करेंसी के हिसाब के देखें तो 6.83 लाख करोड़ रुपये.
फोर्ब्स की इस लिस्ट में लुई वितॉन् वाले बर्नार्ड अर्नाल्ट नंबर एक पर हैं. बर्नाल्ड की संपत्ति 17.30 लाख करोड़ रुपये है. नंबर दो पर आते हैं टेस्ला और ट्विटर वाले एलन मस्क(Elon Musk). ट्विटर खरीदने के बाद से मस्क को काफी घाटा हुआ है. मस्क ने नंबर का टैग भी खो दिया. लेकिन अभी वो नंबर दो पर कायम हैं. मस्क के पास अभी 14.7 लाख करोड़ की संपत्ति है. मस्क के बाद आते हैं एमेजॉन वाल जेफ बेजॉज़. बेजॉज़ के पास 9.34 लाख करोड़ की संपत्ति है.
दुनिया के खरबपतियों की बात करें तो इस लिस्ट में भारत के 169 अमीर शामिल हैं. पिछले साल ये आंकड़ा 166 था. लेकिन लोग सबसे ज्यादा भारतीय उद्योगपति अडाणी(Gautam Adani) के बारे में जानना चाहते हैं. तो अडाणी फिलहाल भारत के तो दूसरे सबसे अमीर शख्स हैं. लेकिन विश्व की बात करें तो उनका नंबर 24वां है. अडाणी इसी साल जनवरी में दुनिया के दूसरे नंबर सबसे अमीर शख्स थे. उनके आगे सिर्फ एलन मस्क थे. लेकिन हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडाणी को काफी नुकसान हुआ.
जनवरी में अडाणी की संपत्ति करीब 90 बिलियन डॉलर थी. यानी करीब 7.38 लाख करोड़ रुपये. लेकिन हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडाणी की संपत्ति आधी बची है. फिलहाल अडानी के पास 47 बिलियन डॉलर की संपत्ति है. यानी करीब 3.8 लाख करोड़ रुपये.
भारत के अमीरों की लिस्ट की बात करें तो HCL वाले शिव नादर का नंबर अंबानी और अडाणी के बाद आता है. संपत्ति में 11 प्रतिशत की कमी आने के बाद शिव नादर नंबर तीन पर हैं. शिव नादर की संपत्ति 2 लाख करोड़ रुपये है.
नादर के बाद आते हैं कोविड वैक्सीन वाले सायरस पूनावाला. पूनावाला भारत के चौथे सबसे अमीर शख्श हैं. हालांकि पिछले साल के मुकाबले पूनावाला की संपत्ति में 7 प्रतिशत की कमी आई है. पूनावाला के पास 1.85 लाख करोड़ की संपत्ति है.
वीडियो: खर्चा पानी: ये टेकनीक लगाकर बचेंगे अडाणी? किस कंपनी की शरण में गए?

