The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • alibaba founder jack ma missing after criticising china xi jinping govt

चीन सरकार की आलोचना करने वाले अलीबाबा के फाउंडर जैक मा कहां गायब हो गए?

हाल में चीन में जैक मा की कंपनियों की जांच शुरु की गई है

Advertisement
pic
4 जनवरी 2021 (अपडेटेड: 4 जनवरी 2021, 11:26 AM IST)
Img The Lallantop
जैक मा पिछले करीब दो महीनों से सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखाई नहीं दे रहे हैं. उनका यूं कथित तौर पर गायब हो जाना चर्चा का विषय बन गया है. फोटो- PTI
Quick AI Highlights
Click here to view more
जैक मा की गिनती दुनिया के सबसे अमीर लोगों में होती रही है. कुछ समय पहले तक वह एशिया के सबसे अमीर शख्स थे. चीन में उनका जलवा रहता है. अपनी कंपनी अलीबाबा के कार्यक्रमों में वो किसी सुपरस्टार की तरह अवतरित होते हैं. दुनिया के कई देशों में उनका व्यापार फैला है. चीन ही नहीं, दुनिया के हजारों युवा उन जैसा बनने के सपने देखते हैं. उन्हीं जैक मा के पिछले दो महीने से गायब होने की खबरें आ रही हैं. और ये खबरें ऐसे समय आ रही हैं, जब चीन की सरकारी एजेंसियों ने जैक मा की कंपनियों के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है. अलीबाबा के फाउंडर जैक मा हैं कहां? बताया जा रहा है कि अक्टूबर 2020 से जैक मा को किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नहीं देखा गया है. अफ्रीका में उनकी कंपनी एक टैलेंट शो 'अफ्रीका बिजनेस हीरो' करवाती है. इसके फाइनल एपिसोड में उन्हें बतौर जज शामिल होना था, लेकिन वो शामिल नहीं हुए. उनकी जगह कंपनी के एक दूसरे अधिकारी ने कार्यक्रम में शिरकत की. कंपनी ने तब कहा था कि बिजी होने के कारण जैक मा इस प्रोग्राम में नहीं आ पाए. कार्यक्रम की वेबसाइट से भी जैक मा का फोटो गायब हुआ तो चर्चाएं गरमाने लगीं? चीन सरकार की आलोचना की थी अक्टूबर के महीने में जैक मा ने एक कार्यक्रम में चीन सरकार की आलोचना की थी. उन्होंने शंघाई में कार्यक्रम के दौरान चीन के स्वामित्व वाले बैंकों की आलोचना की थी. देश के फाइनेंशियल रेग्युलेटर्स पर भी सवाल उठाए थे. उन्होंने सिस्टम में सुधार की मांग करते हुए ग्लोबल बैंकिंग रेगुलेशन को 'बूढ़े लोगों का क्लब' कह दिया था. ऐसा माना जा रहा है कि इस भाषण को चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ने खुद पर हमले के रूप में देखा. सरकार को उनकी बातें अच्छी नहीं लगीं, और इसका असर भी देखा गया. शी जिनपिंग हुए नाराज, जैक मा को हुआ नुकसान! चीन की सरकार और राष्ट्रपति शी जिनपिंग की कथित नाराजगी, जैक मा को भारी पड़ती नजर आई. नवंबर में उनके 'एंट ग्रुप' के 37 अरब अमेरिकी डॉलर वाले आईपीओ को निलंबित कर दिया गया. जैक की फाइनेंशियल टेक कंपनी एंट ग्रुप पर भी लगाम कसी गई. यही नहीं अलीबाबा ग्रुप के खिलाफ गैरकानूनी तरीकों से बाजार में वचर्स्व बनाने के आरोपों में भी जांच शुरू कर दी गई. इसके बाद जैक मा के चीन छोड़ने पर रोक लगा दी गई है. तभी से अलीबाबा के शेयरों में गिरावट दर्ज की जा रही है.
jack ma
जैक को दुनिया के सबसे अमीर लोगों में से एक माना जाता है. फोटो- PTI
बीजिंग में बैठे लोगों को पता है कि जैक गायब हैं? जैक मा के गायब होने की खबरें बेशक पूरी दुनिया भर की मीडिया में सुर्खियों में हैं लेकिन चीन की मीडिया से ये खबर गायब है. चाइना रेडियो इंटरनेशनल के लिए काम कर रहे और लंबे वक्त से चीन में रह रहे पत्रकार अखिल पाराशर ने 'द लल्लनटॉप' को फोन पर बताया कि चीन की मीडिया में इस खबर का जिक्र तक नहीं है. हालांकि उन्होंने कहा कि सरकार ज्यादा समय तक ऐसा नहीं कराएगी क्योंकि जैक मा कोई छोटी शख्सियत नहीं हैं.
ऑनलाइन शॉपिंग में जैक मा की कंपनी अलीबाबा बादशाह है. हर साल वो अपना ही रिकॉर्ड तोड़ती नजर आती है. अभी सिंगल्स डे पर जबरदस्त सेल हुई है. जैक मा के गायब होने के पीछे चीन सरकार का हाथ तो नहीं? इस सवाल पर अखिल के कहा कि चीन को समझने में वेस्टर्न मीडिया हमेशा गलती करता है. फ्लाइट्स बंद हैं, बिजनेस मीटिंग नहीं हो रहीं, हो सकता है शायद इसी वजह से जैक मा न दिख रहे हों, लेकिन चीन सरकार ने ये सब करा दिया, ये कहना ठीक नहीं होगा. पहले भी लोग इस तरह गायब हुए हैं चीन की सरकार की आलोचना करना अक्सर वहां की हस्तियों को भारी पड़ता है. चीन के प्रॉपर्टी कारोबारी रेन झिकियांग को हाल ही में 18 साल की सजा हुई है. आरोप कई थे लेकिन ऐसा माना जाता है कि कोरोना को लेकर उन्होंने राष्ट्रपति जिनपिंग पर सवाल उठाए थे, जिसके बाद उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया. शिआन जिआनहुआ नाम के कारोबारी साल 2017 से ही नजरबंद हैं. जून 2019 में चीन की मशहूर अभिनेत्री फैन बिंगबिंग गायब हो गई थीं. करीब 100 दिनों तक वह गायब रहीं. लौटने के बाद से वह काफी लो प्रोफाइल ही रह रही हैं. इंटरपोल के पूर्व चीफ मेंग होंगवेई को भी चीन से सलाखों के पीछे डाल दिया था.

Advertisement

Advertisement

()