The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • albino buffalo donald trump saved from eid sacrifice government puts back in zoo bangladesh

डॉनल्ड ट्रंप नाम का भैंसा कुर्बान होने जा रहा था, सरकार को पता लग गया, अब हो रही VIP खातिरदारी

Albino Buffalo: बकरीद पर कुर्बान होने के लिए एक भैंसे को बेचा गया, लेकिन उसके अनोखे बालों ने उसकी जान बचा ली. लोग भैंसे के बालों की तुलना अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से करने लगे. उसका नाम डॉनल्ड पड़ गया. फिर लोगों की अपील को देखते हुए सरकार ने जो किया वो दिल जीत लेगा.

Advertisement
pic
28 मई 2026 (पब्लिश्ड: 01:09 PM IST)
albino buffalo
डॉनल्ड ट्रंप से मेल खाती बालों की वजह से एल्बिनो भैंसे की कुर्बानी रुक गई.
Quick AI Highlights
Click here to view more

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (Donald Trump) का हेयरस्टाइल हमेशा से चर्चा का विषय रहा है. कुछ समय पहले एक भैंसे के बालों को देखकर उसकी तुलना ट्रंप से की गई थी. और अब इसी एक बात ने इस भैंसे की जान बचा ली है. कैसे? आइए जानते हैं. 

कहानी है बांग्लादेश के एक भैंसे की जिसे ईद-उल-अज़हा (बकरीद) के दिन क़ुर्बान होने के लिए बेच दिया गया था. घरवालों ने भैंसे का नाम मजाक में ‘डॉनल्ड ट्रंप’ रख दिया. इसके बाद अपने यूनिक हेयरस्टाइल और नाम की वजह से ये मशहूर हुआ. लोगों ने फोटो और वीडियो की बाढ़ ला दी. ट्रंप के साथ इसकी तस्वीरें पोस्ट की गईं जिसकी वजह से ये वायरल हो गया. लेकिन इसके बावजूद भैंसे के मालिक ने उसे बेच दिया. 

अब सरकार ने इसकी क़ुर्बानी रोक दी है और इसे ढाका स्थित बांग्लादेश नेशनल ज़ू (Bangladesh National Zoo) में भेजने का आदेश दिया है. 

Albino Buffalo की कुर्बानी क्यों रोकी? 

बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने ये आदेश जारी किया. उन्होंने खरीददार को मुआवज़ा देने की बात भी कही. गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, 

‘ये फैसला आखिरी वक़्त पर लिया गया जब भैंसा क़ुर्बान होने जा रहा था. सुरक्षा कारणों को देखते हुए और लोगों की इच्छाओं का मान रखते हुए ऐसा किया गया है.’

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि भैंसा अभी भी जवान है और कुछ साल और जी सकता है. फिलहाल भैंसे को ढाका में बांग्लादेश नेशनल ज़ू में रखा गया है, जहां उसकी देखभाल के लिए अलग से एक इंसान को काम पर लगाया गया है. ज़ू के मालिक ने बताया कि भैंसे को दो हफ्ते क्वारंटाइन में रखा जाएगा और उसके बाद ही उसे लोगों के सामने लाया जाएगा. 

ये भी पढ़ें: 6 भैंसे साल भर में खा जाते हैं 40 लाख का खाना, साढ़े 4 लाख का पानी पीते हैं!

लोगों का ‘फेवरेट’

डॉनल्ड ट्रंप नाम का ये भैंसा जियाउद्दीन मृधा नाम के किसान के फार्म में रहता था. पीले बालों और गोरेपन की वजह से उनके भाई ने भैंसे का ये नाम रखा था. जिसके बाद कई लोग उनके फार्म पर आते और भैंसे के साथ फोटो खिंचवाते. देखते ही देखते तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. कुर्बानी की खबर मिलते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने पोस्ट करना शुरू किया. जिसकी वजह से उसकी कुर्बानी रुक गई. रूस में ईरानी दूतावास ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप का मज़ाक उड़ाते हुए भैंसे की तस्वीर पोस्ट की थी.

एल्बिनो भैंसा क्यों? एल्बिनो एक दुर्लभ जेनेटिक कंडीशन है, जिसमें स्किन में पिगमेंटेशन नहीं हो पाता और वो बेरंग रह जाती है. इसकी वजह से स्किन सफेद या पिंक हो जाती है. बांग्लादेश में आमतौर पर काले और भूरे मवेशी ही पाए जाते हैं. ऐसे में ये भैंसा इस वजह से भी अपने आप में स्पेशल है.  

वीडियो: 1.5 टन वजन का भैंसा, 30 किलो से ज्यादा डाइट और इतने करोड़ है कीमत

Advertisement

Advertisement

()