साउथ सुपरस्टार अजीत कुमार का बड़ा फैसला, अपने फैन्स से कहा, 'मुझे थला ना बुलाएं'
कहा कि उन्हें सिर्फ AK या अजीत ही बुलाया जाए. क्या वजह रही?
Advertisement

अजीत कुमार.
Quick AI Highlights
Click here to view more
अजीत कुमार. एक्टर हैं. ज्यादातर तमिल फिल्में की हैं. साउथ में अजीत की फैन फॉलोइंग नेक्स्ट लेवल की है. जब भी उनकी फिल्मों का प्रीमियर होता है, उनके फैन्स के बीच उत्साह का माहौल बन जाता है. हिंदी बेल्ट में उनकी सारी फिल्में भले ना देखी हों लेकिन यकीनन दो फ़िल्में तो जरूर देखी होंगी. एक तो 'अशोका' और दूसरी 'वेदलम'. अजीत के फैन्स उन्हें 'थला अजीत' के नाम से बुलाते हैं. 'थला' का मतलब होता है लीडर. लेकिन हाल ही में अजीत कुमार ने अपने फैन्स से दरख्वास्त की कि उन्हें 'थला' नाम से न बुलाया जाए. उन्हें उनके फैन्स सिर्फ़ 'ए के' ही बुलाएं.
अजीत कुमार खुद सोशल मीडिया पर नहीं हैं. उन्हें जो भी खबर अपने फैन्स को पहुंचानी होती है, उसे वो अपने मैनेजर सुरेश चंद्र द्वारा भिजवाते हैं. यानी उनके अकाउंट से पोस्ट करते हैं. 1 दिसंबर को सुरेश चंद्र ने अजीत के फैन्स के लिए ट्वीट किया. उन्होंने लिखा,
मीडिया, जनता और मेरे असली फैन्स से मेरी एक रिक्वेस्ट है कि मुझे अब से सिर्फ़ अजीत,अजीत कुमार या सिर्फ़ एके के नाम से बुलाया जाए. प्लीज़ मेरे नाम के आगे किसी भी तरीके की कोई उपमा नहीं लगाएं. मैं आप सबके सुंदर जीवन, अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली, सफ़लता और मन की शान्ति की कामना करता हूं. प्यार, अजीत
— Suresh Chandra (@SureshChandraa) December 1, 2021हालांकि शुरुआत से ही अजीत के फैन्स उन्हें 'थला' नाम से ही बुलाते आ रहे हैं. अब इतने सालों बाद अजीत को यकायक 'थला' नाम में क्या आपत्ति हुई ये तो अभी साफ़ नहीं है.अजीत जल्द ही आपको एच विनोद द्वारा डायरेक्टेड 'वलीमई' में नज़र आएंगे. अजीत की इस फिल्म को बोनी कपूर प्रड्यूस कर रहे हैं. फिल्म में अजीत के साथ हुमा कुरैशी और योगी बाबू भी मुख्य रोल में हैं. अजीत जितने शानदार एक्टर हैं, उतने ही बेहतरीन बाइकर भी हैं. अजीत को बतौर लीड पहली फिल्म एस पी बालासुब्र्मण्यम के कहने पर मिली थी. क्योंकि बालासुब्र्मण्यम के बेटे अजीत के क्लासमेट थे. उनके कहने पर अजीत को 'पुस्तकम' में लीड रोल मिला था. हालांकि अजीत को असली पहचान 1993 में आई 'अमरावती' से मिली थी. अजीत अब तक 60 से ऊपर फिल्में दे चुके हैं. अजीत जितने काबिल एक्टर हैं, उतने ही काबिल कार रेसर हैं. वो कई कार रेसिंग मैराथन में भाग भी ले चुके हैं.

