The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • Airforce Result Do: trending on twitter for result of Airforce Group X and Y 2021

वायुसेना की इन वैकेंसी के रिजल्ट घोषित नहीं होने से कैंडिडेट क्यों इतना डरे हुए हैं?

हाल में सोशल मीडिया पर कैंपेन चलाकर रिजल्ट जारी करने की मांग कर रहे थे कैंडिडेट्स.

Advertisement
Img The Lallantop
ट्रेनिंग पूरी होने के बाद पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेते एयरमैन (फाइल फोटो- भारतीय वायुसेना)
pic
गौरव
19 अक्तूबर 2021 (Updated: 19 अक्तूबर 2021, 10:25 AM IST)
font-size
Small
Medium
Large
font-size
Small
Medium
Large
whatsapp share
#Airforce_Result_Do. बीते दिनों ट्विटर पर ये हैशटैग ट्रेंडिंग में रहा. हैशटैग के साथ में रक्षा मंत्रालय और इंडियन एयरफोर्स के आधिकारिक हैंडल को टैग कर ग्रुप X और Y के एनरोलमेंट लिस्ट और रिजल्ट जारी करने की मांग की जा रही थी. रिजल्ट के लिए सोशल मीडिया पर कैंपेन चला रहे अभ्यर्थियों ने दावा किया कि इस हैशटैग पर करीब 20 लाख ट्वीट्स हुए, इसके बावजूद रिजल्ट को लेकर कोई आश्वासन नहीं मिला. क्या है पूरा मामला? सबसे पहले तो समझिए ग्रुप X और Y की भर्ती क्या होती है. ग्रुप X और Y के कर्मचारियों को एयरमैन कहा जाता है. एयरफोर्स की ओर से साल में दो बार इनकी भर्ती के लिए परीक्षा कराई जाती है. ऐसे छात्र जो 12वीं पास कर चुके हों या इस बार परीक्षा दे रहे हों, वे इसके लिए अप्लाई कर सकते हैं. ग्रुप X में एयरमैन टेक्निकल ट्रेड का काम करते हैं. जबकि Y ग्रुप में नॉन टेक्निकल काम करते हैं. ग्रुप X और Y के कर्मचारी अधिकारी रैंक के नीचे के कर्मचारी होते हैं. क्या समस्या आई? सोशल मीडिया पर कैंपेन चला रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि हर साल दो बार एयरफोर्स की ओर से वैकेंसी निकाली जाती थीं. लेकिन पिछले दो साल में केवल दो बार ही ये वैकेंसी आईं. कैंडिडेट्स की शिकायत है कि ये दो वैकेंसी भी अब तक पूरी नहीं हो सकी हैं. एक परीक्षा नवंबर 2020 में हुई थी. जिसकी सारी प्रक्रिया पूरी हो गई है लेकिन इसकी फाइनल एनरोलमेंट लिस्ट नहीं जारी की जा रही है. एनरोलमेंट लिस्ट यानी कि लिखित परीक्षा, फिजिकल और मेडिकल टेस्ट के बाद जारी होने वाली फाइनल लिस्ट. नवंबर 2020 की परीक्षा में शामिल अमित (बदला हुआ नाम) दी लल्लनटॉप से बात करते हुए कहते हैं,
पिछले साल जुलाई में इनटेक 2 का एग्जाम होना था. कोरोना की वजह से वो हुआ था नवंबर 2020 में. उसके बाद फिजिकल जनवरी में हुआ और मेडिकल फरवरी में हुआ. फिर उन्होंने नोटिस लगाकर बताया कि एनरोलमेंट 26 जुलाई को आएगा. (लेकिन) 26 जुलाई को बताया कि कुछ प्रशासनिक कारणों की वजह से अनिश्चितकाल तक के लिए डिले हो हो गया है. जबकि एयरफोर्स की ये पॉलिसी है कि एग्जाम होने के 30 दिन के अंदर रिजल्ट आ जाना चाहिए. लेकिन कोई अपडेट नहीं मिल पा रहा है.
ये तो हो गई नवंबर 2020 की परीक्षा की बात. जिसका एनरोलमेंट लिस्ट अभी नहीं आया है. अब बात जुलाई 2021 में हुई लिखित परीक्षा की. इसका रिजल्ट भी अब तक नहीं आया है. सोशल मीडिया पर चल रहे कैंपेन में शामिल सूर्या (बदला हुआ नाम) बताते हैं,
सेलेक्शन प्रोसेस जो होता है उसमें सबसे पहले रीटेन एग्जाम होता है. फिर उसका रिजल्ट आता है. हर बार 30 दिन के अंदर इसका रिजल्ट आ जाता है. लेकिन जुलाई में एग्जाम हुआ और 3 महीने बीत चुके हैं लेकिन अब तक रिजल्ट नहीं आया है. पिछली वैकेंसी की एनरोलमेंट लिस्ट नहीं आई है. जबकि इस साल वाली वैकेंसी का रिजल्ट नहीं आया है.
कैंडिडेट्स का कहना है कि एयरफोर्स अपनी ही पॉलिसी फॉलो नहीं कर रही है. अमित (बदला हुआ नाम) कहते हैं,
ग्रुप X और Y के लिए अप्लाई करने की अधिकतम एज लिमिट 20 साल तक की होती है. साथ में एयरफोर्स की ये पॉलिसी भी है कि एनरोलमेंट जारी होते समय कैंडिडेट की उम्र 21 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए. लेकिन अगर इसी तरीके से चलता रहा तो काफी कैंडिडेट्स के लिए दिक्कत हो जाएगी.
डिफेंस एग्जाम्स की तैयारी करने वाले बच्चों के लिए 18 से 21 साल का समय बहुत क्रूशियल होता है. लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं आ रहा. सब यही कह रहे हैं कि प्रशासनिक कारणों से रिजल्ट नहीं आ रहा है. वेबसाइट चेक करते रहो. हम बस ये चाहते हैं कि आप कम से कम हमें ये बता दो कि रिजल्ट कब आएगा.
परीक्षाओं के रिजल्ट में हो रही देरी की वजह से कैंडिडेट्स के एग्जाम देने के चांस भी कम हो रहे हैं. सूर्या (बदला हुआ नाम) कहते हैं,
इसमें हो रही देरी की वजह से एक नई वैकेंसी, जो नवंबर में आने वाली थी, वो कैंसिल हो गई तो एक चांस चला गया. अब अगर ये वैकेंसी नहीं आएगी तो अगली वैकेंसी जो शेड्यूल होगी वो होगी अप्रैल में. इसमें नुकसान ये होगा कि काफी सारे अभ्यर्थी ऐसे हैं जो अगली वैकेंसी आने तक ओवरएज हो जाएंगे. हर साल दो वैकेंसी आती थीं. लेकिन पिछले दो साल में दो वैकेंसी आई हैं और एक भी अभी कम्प्लीट नहीं हो पाई है. एयरफोर्स में ही जो ऑफिसर रैंक की वैकेंसी होती है उसमें कोई दिक्कत नहीं आ रही है. वो सब समय में पर चल रहा है. लेकिन हमारी जो ऑफिसर रैंक से नीचे की वैकेंसी है वो बहुत पीछे चल रही है.
1 अक्टूबर 2021 को जारी नोटिस
1 अक्टूबर 2021 को जारी नोटिस

एयरफोर्स का क्या कहना है? 1 अक्टूबर को एक नोटिस जारी कर एयरफोर्स ने कोरोना महामारी की वजह से पैदा हुई अभूतपूर्व स्थिति और प्रशासनिक कारणों को परिणाम की घोषणा में हो रही देरी की वजह बताया है. इसमे कैंडिडेट्स से अपील की गई है कि नियमित रूप से वेबसाइट और अपना ईमेल चेक करते रहें. केंद्रीय वायुसैनिक चयन बोर्ड (CASB) की हेल्पलाइन पर भी इससे ज्यादा कुछ नहीं बताया जा रहा है.

Advertisement

Advertisement

()