'मुसलमानों से नफरत करती है BJP, जानबूझकर ऐसा कर रही', टी राजा पर बोले ओवैसी
ओवैसी ने कहा कि BJP नहीं चाहती कि हैदराबाद में शांति हो, वो देश के ताने-बाने को नष्ट करना चाहती है.

तेलंगाना (Telangana) में बीजेपी विधायक टी राजा सिंह (T Raja Singh) को पैगंबर मोहम्मद पर कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. अब उन्हें जमानत भी मिल चुकी है. इस पूरे मामले पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) का बयान सामने आया है. असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि BJP मुस्लिम भावनाओं को आहत करने के लिए जानबूझकर ऐसा कर रही है.
टी राजा सिंह की विवादित टिप्पणी पर ओवैसी ने कहा,
मैं BJP विधायक द्वारा की गई टिप्पणियों की निंदा करता हूं. बीजेपी नहीं चाहती कि हैदराबाद में शांति हो. बीजेपी पैगंबर मोहम्मद और मुसलमानों से नफरत करती है. वो भारत के सामाजिक ताने-बाने को नष्ट करना चाहते हैं.
साथ ही असदुद्दीन ओवैसी ने टी राजा की वॉयस रिकॉर्डिंग की फॉरेंसिक जांच करने की मांग की. उन्होंने राज्य सरकार से इस मुद्दे पर कड़ी कार्रवाई करने की अपील की.
उन्होंने कहा-
हमारे साथ राजनीतिक रूप से लड़ो लेकिन इस तरह से नहीं. अगर पीएम मोदी और बीजेपी इन टिप्पणियों का समर्थन नहीं करते हैं तो उन्हें प्रतिक्रिया देनी चाहिए. मैं उन नारों (सर तन से जुदा) की भी निंदा करता हूं और उन लोगों से कहूंगा कि वो कानून अपने हाथ में न लें.
बीजेपी के खिलाफ अपने हमले को जारी रखते हुए ओवैसी ने कहा,
टी राजा सिंह ने क्या कहा?मुसलमानों को भावनात्मक और शारीरिक रूप से आहत करना बीजेपी की आधिकारिक नीति है. क्या नूपुर शर्मा जेल में हैं? अब भी आपने उन्हें पुलिस सुरक्षा दी है.
दरअसल पिछले हफ्ते स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने हैदराबाद में एक शो किया था. टी राजा सिंह ने इसे लेकर धमकी दी थी. कहा था कि वो शो के सेट को आग लगा देंगे. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बाद में टी राजा सिंह ने स्टैंडअप कॉमेडियन के खिलाफ 'कॉमेडी' के नाम से एक वीडियो जारी किया.
इस वीडियो में उन्होंने फारूकी और उनकी मां के लिए गलत भाषा का इस्तेमाल किया था. बीजेपी विधायक मुसलमानों के सबसे बड़े पैगंबर हजरत मोहम्मद पर भी टिप्पणी कर गए. बताया गया कि ये टिप्पणी आपत्तिजनक थी. हैदराबाद में 22 अगस्त की रात विरोध प्रदर्शन के बाद बीजेपी विधायक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.
पुलिस ने मंगलवार, 23 अगस्त को पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में टी राजा को गिरफ्तार किया था. पार्टी की ओर से भी टी राजा को सस्पेंड कर दिया गया है. टी राजा सिंह को 23 अगस्त को ही जमानत मिल गई.
देखें वीडियो- श्रीकांत त्यादी का बीजेपी कनेक्शन आया सामने, यूपी पुलिस ने क्यों दी थी सिक्योरिटी?

