कुछ ही घंटों में BJP से बाहर किए जाने पर कपिल गुर्जर ने क्या कहा?
AAP से अपने संंबंधों पर भी जवाब दिया है.
Advertisement

कपिल गुर्जर की ये तस्वीर तब की है, जब शाहीन बाग में फायरिंग के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था. (फोटो- Social Media)
30 दिसंबर, बुधवार को एक व्यक्ति के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने को लेकर दिन भर काफी नाटकीय घटनाक्रम चला. नाम- कपिल गुर्जर. दिल्ली के शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के विरोध में आंदोलन चल रहा था, तब हवाई फायरिंग करके कपिल गुर्जर ख़बरों में आए थे. बुधवार को उन्होंने BJP जॉइन की. गाजियाबाद में BJP संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया. सोशल मीडिया और टीवी पर दनादन ख़बरें चलने लगीं, सवाल उठने लगे तो आनन-फानन में कपिल गुर्जर की BJP सदस्यता शाम होते-होते रद्द भी कर दी गई.
एक ही दिन में बीजेपी की सदस्यता मिलने और रद्द होने के बाद कपिल गुर्जर ने इंडिया टुडे से बात की. पढ़िए कि क्या कहा–
सवाल – आपको किसी ने बुलाया था जॉइन करने के लिए?
कपिल - जब कोई बुलाता है, तभी तो कोई जाता है. अब निकाल दिया तो कोई बात नहीं. पार्टी कहेगी आ जाओ, तो आ जाएंगे. कहेगी निकल जाओ तो निकल जाएंगे. मैं हिंदुत्व के लिए काम करता हूं
सवाल - लेकिन हिंदुत्व वाली पार्टी ने आपको दरकिनार कर दिया.
कपिल - कोई बात नहीं. मैं हिंदुत्व के लिए काम करता रहूंगा.
सवाल - आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ आपके कई फोटो मिले थे. दिल्ली पुलिस ने कहा था कि AAP पार्टी के साथ आपके रिश्ते हैं.
कपिल – (AAP से) मेरा कोई लेना-देना नहीं है. वो तो लोकसभा का चुनाव था, नेता आए थे तो उस वक्त मैंने फोटो खिंचवाई थी. मैं हिंदुत्व के लिए काम करता रहूंगा.
बीजेपी ने पहले क्या कहा था?
1 फरवरी 2020 को कपिल गुर्जर ने शाहीन बाग में हवाई फायर किए थे. पुलिस द्वारा पकड़े जाने पर कपिल ने ‘जय श्री राम’ का नारा लगाया था, और कहा था, ‘हमारे देश में और किसी की नहीं चलेगी, सिर्फ हिंदुओं की चलेगी.’ इसके कुछ दिन बाद ही कपिल का आम आदमी पार्टी से कनेक्शन निकला था. उसकी आप नेता संजय सिंह के साथ तस्वीरें सामने आईं थीं. इन तस्वीरों को लेकर बीजेपी आम आदमी पार्टी पर हमलावर हो गई थी. उस समय दिल्ली बीजेपी के नेता मनोज तिवारी ने ये ट्वीट किया था-
https://twitter.com/ManojTiwariMP/status/1224713173141467140
अब बीजेपी क्या कह रही है?
शाहीन बाग में फायरिंग करने वाले कपिल गुर्जर के बीजेपी में शामिल होने की खबर आते ही न सिर्फ टीवी बल्कि सोशल मीडिया पर भी सवाल उठने शुरू हो गए. लोग बीजेपी के नेताओं को ट्विटर और फेसबुक पर टैग करके सवाल दागने लगे. इसके बाद गाजियाबाद बीजेपी के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि कपिल गुर्जर का शाहीन बाग में गोली चलाने वाला प्रकरण उनके संज्ञान में नही था. हालांकि सूत्रों का दावा है कि बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व की फटकार के बाद कपिल को पार्टी से बाहर किया गया. इस बारे में प्रदेश बीजेपी ने अध्यक्ष संजीव से जवाब भी मांगा है.
शाम को उत्तर प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का भी ट्वीट आ गया. उन्होंने लिखा-
विरोधियों ने भी बीजेपी को घेरा
बीजेपी के विरोधी भी कपिल गुर्जर को लेकर एक्टिव हो गए. वकील प्रशांत भूषण ने ट्वीट करके कहा कि शाहीन बाग के गनमैन कपिल गुर्जर ने बीजेपी जॉइन कर ली. गनमैन, टेररिस्ट और असामाजिक तत्वों का यही नेचुरल ठिकाना है. वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने ट्वीट में लिखा कि बीजेपी लीडर कपिल मिश्रा ने कहा था- गोली मारो सालों को. बीजेपी ने उनके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया. कपिल गुर्जर ने शाहीन बाग में 3 गोलियां हवा में दागीं, और उसे पार्टी में शामिल कर लिया गया. इस तरह के लोगों का बीजेपी अपने यहां स्वागत करती है और बढ़ावा देती है.

.webp?width=60)

