इज़रायल-ग़ाज़ा जंग का दूसरा दिन: 1000 से ज़्यादा मौतें, दोनों तरफ़ हज़ारों घायल
हमास चीफ़ का दावा - 'हम जीत के बहुत क़रीब हैं'. इज़रायल के PM बेंजामिन नेतन्याहू का वादा - 'हमास को मलबे में तब्दील कर देंगे'.

फ़िलिस्तीनी चरमपंथी समूह हमास (Hamas) के रॉकेट हमले की वजह से 600 से ज़्यादा इज़रायली और ग़ाज़ा पट्टी (Gaza Strip) में क़रीब 370 लोग मारे जो चुके हैं. घायलों की संख्या दोनों ही पालों में हज़ार से ज़्यादा है. एक तरफ़ हमास चीफ़ दावा कर रहे हैं कि वो जीत के बहुत क़रीब हैं. वहीं दूसरी ओर, इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वादा किया है कि वो ग़ाज़ा में हमास के ठिकानों को मलबे में तब्दील कर देंगे.
अंतरराष्ट्रीय मीडिया संगठन अल-जज़ीरा के इनपुट्स के मुताबिक़, इज़रायल की तरफ़ से तटीय क्षेत्र पर लगातार चल रहे हवाई हमलों में केवल ग़ाज़ा शहर में कम-से-कम 232 मौतों की पुष्टि हुई है. शनीवार, 7 अक्टूबर की सुबह शुरू हुई बमबारी के बाद से लगातार दोनों गुटों के बीच लड़ाई चल रही है. पूरी रात इज़राइल में कम से कम 22 जगहों पर इज़रायली फ़ोर्सेज़ और सैकड़ों हमास लड़ाकों के बीच गोलीबारी हुई. इज़रायली सेना से मिली जानकारी के मुताबिक़, दो जगहों पर हमास के लड़ाकों ने इज़रायली नागरिकों को बंधक बना रखा था.
ये भी पढ़ेें - इज़रायल-ग़ाज़ा तनाव के बीच शाहरुख़ ख़ान का कौन-सा ट्वीट वायरल?
NDTV की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, हमास लड़ाकों ने हज़ारों रॉकेट दागे और ग़ाज़ा के सुरक्षा बैरियर को तोड़ दिया. सरहद के पास वाले इज़रायली कस्बों और सैन्य चौकियों पर हमला किया. कथित तौर पर शहरियों और राहगीरों पर भी गोलियां चलाईं. हमास ने बंदी बनाए गए कई इज़रायलियों की तस्वीरें जारी कीं. इज़रायली शहर सडेरोट की सड़कों पर और कारों के अंदर शव पड़े हुए दिख रहे थे. हमास के प्रमुख इस्माइल हानियेह ने कहा कि वो एक बड़ी जीत की कगार पर हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक़ बमबारी शुरू होने के बाद से ही इज़रायल के कई इलाकों और ग़ाज़ा में बिजली-पानी ठप है.
बीते रोज़ हमास ने लेबनन के उग्रवादी समूहों से भी इज़रायल के ख़िलाफ़ लामबंद होने की अपील की थी. आज, लेबनान के हिज़बुल्लाह ने 'क़ब्जे वाले' शेबा फार्म्स में मोर्टार हमले किए. ये एक विवादित सीमा क्षेत्र है. उन्होंने कहा कि ये हमला हमास के हमले के समर्थन में था. जवाब में इज़राइल ने कहा कि उन्होंने भी बम का जवाब बम से दिया है. प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने आक्रामकता के साथ हमास को जवाब देने का वादा किया. कहा,
"हमारी सेना हमास को नष्ट करने के लिए अपनी पूरी ताक़त लगाने वाली है. हम उन पर बड़ा हमला करेंगे. इज़रायल और उसके लोगों पर आए इस 'अंधेरे दिन' का बदला लेंगे."
उन्होंने ग़ाज़ा में हमास के ठिकानों के पास रहने वाले फिलिस्तीनियों को भी चेतावनी दी कि वो वहां से चले जाएं.
ये भी पढ़ें - वो 6 मौक़े, जब इज़रायल-हमास के बीच हुई भीषण 'जंग' में मारे गए हज़ारों निर्दोष लोग
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने एक आपातकालीन बैठक बुलाई. उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बायडन ने इज़रायल के लिए ठोस और अटूट समर्थन व्यक्त किया है. साथ में चेतावनी भी दी कि अगर इस स्थिति में कोई पार्टी नफ़े की तलाश में इज़रायल से दुश्मनी मोल लेती है, तो अच्छा नहीं होगा.
भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को स्थानीय अधिकारियों की सलाह के अनुसार सतर्क रहने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए कहा है.
वीडियो: अमेरिका के इंडिया और कनाडा के रिश्ते पर इस बयान से खुश हो जाएंगे जस्टिन ट्रुडो?

