The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • a woman in australia looses 4 crore in scam trying to find love online

ऑनलाइन डेटिंग में धोखा खाया, मन नहीं भरा तो दूसरी बार भी ट्राई किया, अब फुटपाथ पर है ये महिला

ऑस्ट्रेलियन महिला Annette Ford की शादी 2018 में टूट गई थी. उनके पूर्व पति तो इस सदमे से बाहर आ गए पर वो नहीं आ सकीं. लिहाजा, उन्होंने ऑनलाइन प्यार ढ़ूंढना (Online Dating Scam) शुरू किया और ऐसी लुटी कि घर-बार सब बिक गया.

Advertisement
pic
19 फ़रवरी 2025 (पब्लिश्ड: 12:23 PM IST)
a woman in australia looses 4 crore in scam trying to find love online
महिला के साथ 2 बार स्कैम हो गया (PHOTO- Meta AI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

आपने सुना होगा कि अक्सर लोग किसी बड़े ऑफर के लालच में अपने अकाउंट में पड़े पैसे स्कैमर्स के हाथों गंवा देते हैं. ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में एक ऐसा ही मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने सच्चा प्यार ढूंढने के लालच में 7 लाख 80 हजार डॉलर (लगभग 4.3 करोड़) गंवा दिए.

NDTV ने ऑस्ट्रेलियन न्यूज़ वेबसाइट news.com.au के हवाले से बताया कि 57 साल की महिला एनेट फोर्ड (Annette Ford) इस घटना के बाद एक वेस्ट ऑस्ट्रेलिया में बने एक रिटायरमेंट विलेज में घर लेने की कोशिश कर रही हैं. स्कैमर्स ने उन्हें ऐसा ठगा कि अब उनके पास घर तक नहीं है. जबकि, उन्हें ठगने वाले स्कैमर्स आजाद घूम रहे हैं. 57 साल की एनेट का 2018 में तलाक हुआ था. 33 साल साथ रहने के बाद 2018 में वो अपने पति से अलग हो गईं. इसके बाद पति तो 'मूव-ऑन' कर गए पर एनेट अकेलेपन से जूझ रही थीं. अकेलेपन को दूर करने के लिए उन्होंने एक डेटिंग वेबसाइट 'Plenty Of Fish' जॉइन की. इस वेबसाइट पर उनकी मुलाक़ात विलियम नाम के एक व्यक्ति से हुई.

कई महीनों तक बातें करने के बाद उस अजनबी महबूब ने एनेट का भरोसा जीत लिया. अब जब एनेट को उस पर भरोसा हो चुका था, तब उसने अपना असली रंग दिखाया और पैसों की डिमांड की. उसने कहा कि कुआला लम्पुर, मलेशिया में उसका पर्स चोरी गया है. उसने एनेट से 5 हजार डॉलर (लगभग 2 लाख 75 हजार रुपये) मांगे. उसने एनेट को किसी तरह भरोसा दिला दिया कि मलेशिया में जिस साइट पर वो काम करता है, उसी के बाहर उसका पर्स, कार्ड सब लूट लिया गया. इसके बाद तो एनेट से वो हमेशा कुछ न कुछ डिमांड करने लगा. एनेट बताती हैं

अगली चीज़ जिसके लिए उसने मुझसे पैसे मांगे वो किसी ऑस्ट्रेलियन डॉक्टर का 5 हजार डॉलर का बिल था. मैंने वो पेमेंट कर दी. इसके बाद उसने एक होटल बिल भी भरवाया. वो कहता था कि वो साइट पर काम करने वालों को पैसे नहीं दे पा रहा, क्योंकि उसका कार्ड उसके पास नहीं है. और मैं हर बार उसे पैसे भेजती रही.

जब पैसों की डिमांड बढ़ती गई तो एनेट को उस पर शक हुआ. लेकिन जब तक उनका शक यकीन तक पहुंचता, तब तक उनसे लगभग 1.6 करोड़ रुपये ठगे जा चुके थे. ये पैसे उन्होंने मेहनत से कमा कर जुटाए थे. एनेट ने ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस में इस ठगी की शिकायत भी की पर अब तक पुलिस की ओर से इस मामले पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है.

दोबारा फंस गई 

पहली बार अगर किसी के साथ इस तरह का स्कैम हो जाए तो वो आगे संभल कर रहता है. अपने ऑनलाइन बिहेवियर का ध्यान रखता है. हिंदी में कहें तो ‘दूध का जला छाछ भी फूंक-फूंक कर पीता है’. लेकिन एनेट की किस्मत में न प्यार लिखा था, न पैसे; पर ठग जरूर लिखे थे. पहली बार ठगे जाने के 4 साल बाद एक बार फिर स्कैमर ने उनकी जिंदगी में दस्तक दी. इस बार फेसबुक पर. फेसबुक पर नेल्सन नाम से एनेट के पास रिक्वेस्ट आई. नेल्सन ने बताया कि उसका एक दोस्त FBI का अधिकारी है और उसे एक जांच में 2500 डॉलर्स की जरूरत है.

एनेट इस तरह के खतरे से वाकिफ थीं, तो उन्होंने पहले तो मना कर दिया. पर इसके बाद नेल्सन ने कहा कि वो पैसे किसी अकाउंट में भेजने की जगह बिटकॉइन एटीएम में भेजे. जब तक एनेट कुछ समझती तब तक उनके अकाउंट से पैसे इधर-उधर हो चुके थे. और इस बार फिर से उन्हें 2 लाख 80 हजार डॉलर (लगभग 1.5 करोड़) का चूना लग गया.

अब सब कुछ गंवाने के बाद एनेट ऑस्ट्रेलिया के लोगों को ऑनलाइन स्कैम के प्रति जागरूक कर रही हैं. एनेट कहती हैं

 स्कैमर्स आपसे ऐसी बातें करेंगे जिससे लगेगा कि सब एकदम परफेक्ट है. पर अंत में वो आपके पैसे लेते जाएंगे और आपको तोड़ कर रख देंगे.

हालांकि ऐसा नहीं है कि बस अनजाने स्कैमर्स से खतरा हो. बीते महीने एक ब्रिटिश महिला से 98.5 लाख की ठगी हो गई. ठगी करने वाला कोई और नहीं उनका 20 साल पुराना दोस्त था.

वीडियो: तारीख: वीर कुंवर सिंह को आरा का राजा क्यों बनाना चाहते थे अंग्रेज?

Advertisement

Advertisement

()