दाढ़ी देख कर प्लेन से उतारे गए सिख और मुस्लिम
चार दोस्त थे. एक साथ बैठने के लिए अजनबियों से सीट एक्सचेंज कर ली थी.
Advertisement

फोटो - thelallantop
Quick AI Highlights
Click here to view more
टोरंटो से न्ययॉर्क जा रहा था अमेरिकन एयरलाइंस का प्लेन. उसमें बैठे चार लोगों को उनकी दाढ़ी की वजह से उतार दिया गया. पायलट को उनसे प्रॉब्लम हो रही थी. उसने साफ मना कर दिया कि जब तक ये उतरेंगे नहीं हम प्लेन हांकेंगे ही नहीं. फिर उनको प्लेन में बैठे और लोग घेर लिए. उल्टे सीधे जुमले उछाले गए. औरतें अपने बच्चे संभालने लगीं. जैसे कि कुछ होने वाला है जिससे उनको बचाना है. उन सताए हुए लोगों ने एयरवेज कंपनी पर 90 लाख डॉलर का केस ठोका है.
CNN ने मंगलवार को ये बवाल खोला. बताया कि एक सिख था शान आनंद. उसके साथ तीन दोस्त. एक का नाम फैमुल आलम. दो और मुस्लिम दोस्त. एक बांग्लादेश दूसरा अरब से. उनके नाम शॉर्टकट थे WH और MK. इन दोनों के साथ बैठने के लिए आनंद और आलम ने अजनबियों से रिक्वेस्ट की. कि आप लोग हमारी सीट पर चले जाओ. हम यहां बैठ जाएं.
कुछ देर बाद एक गोरी मेम आई. कहा कि चुप्पे चाप उतर जाओ. शांति से उतर जाओगे तो ज्यादा अच्छा रहेगा. वजह कोई नहीं बताई. फिर उनके साथ मजरिमों जैसा सुलूक किया गया. सब उनके ऊपर उंगलियां उठा रहे थे. प्लेन जाने के बाद एयरलाइन के एजेंट ने बताया. तुम लोगों की वजह से पायलट कंफर्टेबल फील नहीं कर रहा था.
ये बात पिछले महीने की है. उन लोगों ने अब ब्रुकलन फेडरल कोर्ट में केस किया है. नुकसान से भरपाई के लिए. पूरे 90 लाख डॉलर यानि 60.84 करोड़ रुपए का मुकदमा है.

