19 साल के लड़के ने 8 साल की बच्ची का रेप कर कीचड़ में दफनाया
ये पड़ोसी दूर का रिश्तेदार था. बिस्कुट देने के बहाने तलाब के पास ले गया था.
Advertisement

img - thelallantop
खबर जागृतिक 'छोटू' ने एडिट की है.दिल्ली के उत्तम नगर में 8 साल की बच्ची के साथ रेप और मर्डर हुआ. पड़ोसी ने पहले बच्ची को किडनैप कर रेप किया फिर गला दबाया और तालाब के पास कीचड़ में गाड़ दिया. पुलिस ने पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है. 'हिंदुस्तान टाइम्स' के मुताबिक बच्ची यूपी के फिरोजाबाद की रहने वाली थी. उसके पेरेंट्स उसे दिल्ली कुछ दिन पहले लाए थे. स्कूल में एडमिशन कराने के लिए. मंगलवार की शाम से बच्ची का कोई अता-पता नहीं था. सबलोग उसे ढूंढ़ने में लगे थे. लोगों को पड़ोसी पर शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को इसकी खबर दी. पुलिस ने पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया. वहां उसने पुलिस को बताया कि वो बच्ची का दूर का रिश्तेदार है. साथ ही कहा कि वो तो अभी केवल 18 साल का है. और नकली स्कूल के एडमिशन पेपर दिखाए. जिसमें उसका जन्म का साल 2003 लिखा था. पुलिस को आरोपी पड़ोसी के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला. तो उन्होंने उसे बुधवार की सुबह छोड़ दिया. बच्ची की लाश गुरुवार को उसके घर से दूर मिली. जब कुछ बच्चे तालाब के पास खेल रहे थे. पड़ोसियों ने आरोपी का आधार कार्ड पुलिस को दिखाया. उसमें उसका बर्थ इयर 1997 था. पुलिस को शक हुआ और उन्होंने गुरुवार को उसे फिर धर लिया. पूछताछ करने पर उसने बताया कि वो उस दिन नशे में था. बच्ची को फुसला कर तालाब के पास ले गया और फिर रेप किया. बच्ची जब मदद के लिए चिल्लाई तो उसने बच्ची का गला घोट दिया. उसे डर था कि बच्ची ये बात अपने घरवालों को बता देगी. और वो गिरफ्तार हो जाएगा. बच्ची का मर्डर करने के बाद उसने उसे वहीं कीचड़ में दफन कर दिया. पुलिस को शक है कि बच्ची जिंदा थी जब उसे दफनाया गया. उसकी मौत या तो डूबने से हुई है या फिर दम घुटने से. चश्मदीदों के मुताबिक बच्ची को मंगलावर को पड़ोसी के साथ देखा गया था. एक दुकानदार का कहना है कि उसने बच्ची के लिए दो बिस्कुट के पैकेट्स खरीदे थे. ताकि बच्ची को बहला-फुसला कर सुनसान जगह पर ले जा सके. एक लड़के ने बताया कि शाम के करीब 6 बजे उसने बच्ची को पड़ोसी के साथ देखा था.

.webp?width=60)

