30 रुपये के चक्कर में चली गई 'इस्लाम' की जान
इस्लाम आइसक्रीम बेचता था. उसने जब आइसक्रीम के पैसे मांगे, तो दुष्टों ने लोहे की रॉड से उसको पीट-पीटकर मार डाला. 5 आरोपी अब तक फरार.
Advertisement

symbolic image
Quick AI Highlights
Click here to view more
गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में शुक्रवार को 6 लोगों ने मिलकर एक आइसक्रीम वाले को मार डाला. वो भी लोहे की रॉड से पीट-पीट कर. आइसक्रीम वाले का कसूर बस इतना था कि उसने उन लोगों से बिल के 30 रुपये मांगे थे. पुलिस ने उन 6 आरोपियों में से एक को धर लिया है. बाकी के 5 अब भी फरार हैं.
24 साल का मोहम्मद इस्लाम कौशांबी के महराजपुर गांव का रहने वाला था. आइसक्रीम बेच कर अपनी रोजी-रोटी चलाता था. रोजाना की तरह शुक्रवार को भी ठेला लगाकर शाम के वक्त आइसक्रीम बेच रहा था. 6 लोग उसके पास आइसक्रीम खाने आए. इस्लाम ने सभी को 5 रुपये वाली एक-एक आइसक्रीम दी. कुछ 30 रुपये का बिल बना. वो लोग आइसक्रीम खाए और चल दिए.द इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, इस्लाम ने उन्हें रोक कर अपने पैसे मांगे. उन लोगों ने पैसे देने से मना कर दिया. इसी बात पर बहस शुरू हो गई. और वो इतनी ज्यादा बढ़ गई कि उन लोगों ने इस्लाम को लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया. वो उसे तबतक मारते रहे जबतक वो मर न गया. इसके बाद वो सारे वहां से भाग निकले. राह चलते एक इंसान ने इस घटना की खबर पुलिस को दे दी. मौके पर पुलिस आई और इस्लाम को अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मरा हुआ बता दिया. इस्लाम के घरवालों का दावा है कि इस्लाम की मौत इमरान, राशिद, मोमीन और उसके 3 दोस्तों ने की है. इस्लाम का भाई मोहम्मद मुबारक कहता है कि पुलिस थोड़ी जल्दी आई होती तो सारे आरोपी अभी जेल की हवा खा रहे होते. इधर पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद आईपीसी की धारा 304 लगाकर केस दर्ज कर लिया है. इलाके के ऑफिसर आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि इस्लाम के माथे के पिछले हिस्से पर लगी चोट उसकी मौत की वजह हो सकती है. राशिद को पुलिस ने महाराजपुर से पकड़ लिया है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों की पहले भी पैसों को लेकर इस्लाम से बहस हुई थी?

