रेलवे स्टेशन पर युवक पिट्ठू बैग के साथ खड़े थे, पुलिस ने खंगाले तो गड्डी पर गड्डी निकलीं
उत्तर प्रदेश के पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन का मामला. पिट्ठू बैग में पांच-पांच लाख रुपए के 11 बंडल यानी 55 लाख रुपए मिले.

उत्तर प्रदेश के पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन (डीडीयू जंक्शन) पर GRP और RPF टीम को बड़ी सफलता मिली है. यहां चेकिंग के दौरान 55 लाख रुपए की नकदी बरामद की गई है. टीम ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ़्तार भी किया है.
दरअसल फेस्टिवल सीजन के मद्देनजर हर स्टेशन पर चेकिंग चल रही है. इसलिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन पर भी चेकिंग चल रही थी. आजतक से जुड़े उदय गुप्ता की रिपोर्ट के मुताबिक़ GRP और RPF की टीम ने स्टेशन पर चेकिंग के दौरान दो युवकों के हाथ में पिट्ठू बैग देखा. शक के आधार पर उनकी तलाशी ली गई. इसमें उनके बैग में पांच-पांच लाख रुपए के 11 बंडल यानी 55 लाख रुपए मिले. बंडलों पर हरे रंग का टेप भी चिपका हुआ था ताकि नोट आसानी से दिखाई ना दें.
रिपोर्ट के मुताबिक़ एक युवक का नाम विशाल यादव है जो महाराष्ट्र के सांगली ज़िले का रहने वाला है. वहीं दूसरे युवक का नाम रविंद्र मंडल है जो महाराष्ट्र के पुणे का रहने वाला है. आजतक से बातचीत के दौरान डीडीयू जंक्शन के जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों युवक डीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 12 पर मिले हैं. उन्होंने कहा,
"विशाल और रविंद्र के बैग में 55 लाख रुपए मिले, लेकिन जब उनसे इस रक़म के संदर्भ में पेपर मांगे गए तो उनके पास पेपर नहीं थे. इस मामले में इनकम टैक्स विभाग को सूचना दे दी गई है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी. दोनों का कहना है कि वो ज्वेलरी का काम करते हैं और टैक्स बचाने के लिए यह पैसा ले जा रहे थे."
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक़ 7 अक्टबूर को भी पंडित दीनदयाल उपाध्यक्ष जंक्शन पर चेकिंग के दौरान 15 लाख रुपए बरामद किए गए थे. स्टेशन पर GRP और RPF की टीम चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान उनकी नज़र एक संदिग्ध युवक पर पड़ी थी. युवक का नाम हिमांशु है और वो मैनपुरी का रहने वाला है. उसके बैग में 500-500 रुपए की गड्डी मिली थी. रिपोर्ट के मुताबिक हिमांशु बिहार के गया से 15 लाख रुपए लेकर दिल्ली जा रहा था.
ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में लाल की नौकरी के लिए मां को गहने बेचने पड़ते हैं

